Panipat News: पानीपत के सेक्टर-7 में लैपटॉप से हैक कर 1 मिनट में उड़ाई स्कॉर्पियो, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पानीपत के सेक्टर-7 में लैपटॉप से हैक कर 1 मिनट में उड़ाई स्कॉर्पियो, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Panipat News: कपड़ा नगरी पानीपत के पॉश इलाके सेक्टर-7 में चोरों के एक हाईटेक और बेखौफ गिरोह ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दीं। शनिवार रात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी पर निशाना साधा।
पेशे से वेंटिलेटर रिपेयरिंग का काम करने वाले सेक्टर-7 निवासी दीपक ने बताया कि यह गाड़ी उनके साले सुधीर कुमार (निवासी रूड़की, रोहतक) की थी, जिसे बीते एक साल से वे खुद इस्तेमाल कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 6 बजे काम निपटाकर घर लौटने के बाद उन्होंने रोजाना की तरह गाड़ी को अपने मकान के ठीक सामने पार्क किया था।
रेकी से लेकर लॉक हैक करने तक: जानिए मिनट-दर-मिनट की क्रोनोलॉजी
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इस सनसनीखेज वारदात का पूरा सच सामने आया है। चोरों ने बड़ी ही पेशेवर योजना के तहत इस चोरी को अंजाम दिया:
रात 12:49 बजे (रेकी): एक सफेद रंग की ऑल्टो कार में सवार होकर आए बदमाशों ने सबसे पहले गली का मुआयना किया और माहौल भांपकर निकल गए।
रात 01:39 बजे (सेंधमारी): ऑल्टो सवार चोर दोबारा गली में दाखिल हुए। उन्होंने बड़ी सफाई से स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ा और एक चोर ड्राइविंग सीट पर जा बैठा।
लैपटॉप से डिजिटल लॉक क्रैक: चोर ने अपने पास मौजूद लैपटॉप को गाड़ी के सिस्टम से कनेक्ट किया और महज 1 मिनट के भीतर कार का इलेक्ट्रॉनिक लॉक हैक कर दिया। इसके बाद बोनट खोलकर सिक्योरिटी अलार्म को भी बायपास कर दिया।
रात 02:11 बजे (फरार): इंजन स्टार्ट होते ही चोर काले रंग की स्कॉर्पियो को लेकर मौके से हवा हो गए।
ताऊ देवी लाल पार्क के पास जीपीएस उखाड़ा, पुलिस की कई टीमों ने संभाला मोर्चा
गाड़ी उड़ाने के बाद बदमाशों को अंदेशा था कि आधुनिक तकनीक वाली इस कार में जीपीएस ट्रैकर लगा हो सकता है। रास्ते में भागते समय चोरों ने सेक्टर-6 के पास ताऊ देवी लाल पार्क के समीप गाड़ी रोकी और उसमें लगा जीपीएस डिवाइस उखाड़कर सड़क पर ही फेंक दिया, ताकि पुलिस उनकी लाइव लोकेशन ट्रैक न कर पाए।
सुबह जब दीपक को गाड़ी गायब मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सफेद ऑल्टो कार के नंबर और सीसीटीवी में कैद हुए चोरों के हुलिए के आधार पर हाईटेक गिरोह की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
