Panipat Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर पानीपत फ्लाईओवर के ऊपर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहा सेब की पेटियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पलटते ही उसमें भरी सेब की सैकड़ों पेटियां टूटकर हाईवे पर बिखर गईं। अलसुबह हुए इस हादसे के कारण जीटी रोड पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
तड़के 4 बजे हुआ हादसा, चालक ने खोया संतुलन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना बुधवार सुबह लगभग 4 बजे की है। सेब से लदा ट्रक जब पानीपत में जीटी रोड फ्लाईओवर से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक वाहन से अपना संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित होकर ट्रक डिवाइडर के पास सड़क पर ही पलट गया। गनीमत यह रही कि उस समय फ्लाईओवर पर यातायात बेहद कम था, जिससे कोई बड़ी जनहानि होने से टल गई। हालांकि, सड़क पर दूर-दूर तक सेब बिखर जाने से पूरा रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
बाबरपुर पुलिस ने संभाला मोर्चा, दूसरे ट्रक में शिफ्ट कराया सेब
हादसे की खबर मिलते ही बाबरपुर यातायात थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले राहगीरों की मदद से सड़क पर बिखरी सेब की पेटियों को हटवाकर किनारे करवाया, ताकि फंसे हुए वाहनों को निकाला जा सके। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को एक तरफ किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दूसरा ट्रक मंगवाया, जिसमें सुरक्षित पेटियों को लोड करवाकर गंतव्य के लिए रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस का बयान: मशक्कत के बाद शुरू कराया गया यातायात
मामले की जानकारी देते हुए बाबरपुर यातायात थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि तड़के जीटी रोड फ्लाईओवर पर ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। प्राथमिकता के आधार पर सड़क पर बिखरे सेब को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर दूसरे ट्रक में सामान शिफ्ट कराया जा रहा है ताकि मालिक को ज्यादा नुकसान न हो और हाईवे पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहे।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


