Panipat Traffic Police: पानीपत शहर का सबसे व्यस्त माना जाने वाला संजय चौक मंगलवार शाम (Panipat Sanjay Chowk Incident) को अखाड़ा बन गया। चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक ने न केवल पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की, बल्कि सरेआम ईएएसआई की वर्दी फाड़कर उन्हें थप्पड़ भी जड़ दिया। इस पूरी घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हड़कंप मचा रहा।
ट्रैफिक पुलिस के ईएएसआई पवन कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर थाना शहर पानीपत पुलिस (Panipat City Police Station) ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी असलम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिना हेलमेट और बिना नंबर की बाइक से पहुंचा था युवक, शराब की आ रही थी दुर्गंध
शिकायतकर्ता ईएएसआई पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे वे एसपीओ सुनील कुमार और होमगार्ड महेश व प्रवीण के साथ संजय चौक पर वाहनों की जांच कर रहे थे।
उसी दौरान एक युवक बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से वहां आया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर गाड़ी के कागजात मांगे, तो उसने साफ कह दिया कि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं हैं। पूछताछ में उसने अपना नाम असलम बताया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को उसके मुंह से शराब की तेज गंध आई।
अल्कोहल टेस्ट से किया इनकार, थप्पड़ मारकर फाड़ी ईएएसआई की वर्दी
जब पुलिसकर्मियों ने असलम को अल्कोहल सेंसर मशीन में फूंक मारकर टेस्ट कराने को कहा, तो वह भड़क गया और सरेबाजार पुलिस टीम को गालियां देने लगा। ईएएसआई पवन कुमार ने जब उसे शांत रहने की नसीहत दी, तो आरोप है कि असलम ने अचानक उनके मुंह पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर खींच दी, जिससे कंधे का हिस्सा पूरी तरह फट गया। चौराहे पर सरेआम पुलिसकर्मी के साथ हुई इस हैवानियत को देखकर वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
भीड़ ने आरोपी को पीटा, पुलिस ने बचाकर डायल-112 के हवाले किया
घटना से गुस्साए वहां मौजूद कुछ राहगीरों ने असलम की धुनाई शुरू कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए आरोपी को भीड़ के गुस्से से बचाया और तुरंत डायल-112 की टीम को मौके पर बुलाकर उसके हवाले कर दिया। (Traffic Police Haryana) जाते-जाते भी आरोपी असलम पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकियां देता रहा।
थाना प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि आरोपी असलम के खिलाफ BNS की धारा 115, 121(1), 132 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसकी गहनता से छानबीन की जा रही है।

