SRK King Movie: बॉलीवुड के बेताज बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर तबाही मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी कर उन्होंने सोशल मीडिया का पारा चढ़ा दिया है। सामने आए इस पोस्टर में शाहरुख का बेहद इंटेंस और खूंखार एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। उनके एक हाथ में हथियार है, मुंह में गुलाब का फूल दबा हुआ है और बैकग्राउंड में चारों तरफ उठती आग की लपटें इस बात की गवाही दे रही हैं कि दर्शक सिनेमाघरों में किस स्तर के हाई-ऑक्टेन एक्शन की उम्मीद कर सकते हैं।
शायराना अंदाज और प्यार की जंग
पोस्टर के साथ शाहरुख खान ने एक ऐसा कैप्शन लिखा है जिसने फैंस की बेताबी को और बढ़ा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आज फिर याद आया… कातिल नहीं, आशिक हूं।” इस छोटी सी लाइन के जरिए उन्होंने फिल्म की कहानी की हल्की सी झलक दे दी है कि जब किसी आशिक के दिल पर वार होता है, तो वह प्यार की खातिर किस हद तक जा सकता है। किंग खान का यह कूल और खतरनाक अंदाज उनके चाहने वालों को बेहद पसंद आ रहा है और पोस्ट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है।
सुहाना खान की ग्रैंड लॉन्चिंग और स्टार-डफ कास्ट
भले ही इस फिल्म की चर्चा के केंद्र में शाहरुख खान खुद हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा आकर्षण उनकी बेटी सुहाना खान हैं। ‘किंग’ के जरिए सुहाना बड़े पर्दे पर अपना धमाकेदार डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म को लेकर इंडस्ट्री में चर्चा है कि शाहरुख खान ने अपनी लाडली बेटी को सिनेमा में एक परफेक्ट और भव्य लॉन्च देने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया है। खास बात यह है कि फिल्म में बॉलीवुड के ‘गुरु भाई’ यानी अभिषेक बच्चन एक खतरनाक विलेन के रूप में शाहरुख से दो-कहा करते नजर आएंगे। इनके अलावा जैकी श्रॉफ, सौरभ शुक्ला, अभय वर्मा और राघव जुयाल जैसे मंझे हुए कलाकार भी इस मेगा-बजट एक्शन थ्रिलर का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें– स्टारडम दरकिनार, लूंगी-शर्ट पहन गांव के आंगन में दिखे संजय मिश्रा, वायरल वीडियो ने जीता फैंस का दिल

