Yamunanagar Crime News: यमुनानगर जिले में बेखौफ बदमाशों ने लूटपाट की एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। व्यासपुर अनाज मंडी से अपने घर लौट रहे एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने पहले उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर जेब से 10 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
अराईयांवाला रोड पर अहड़वाला के पास घेरा
पीड़ित बुजुर्ग कृपाल सिंह, जो गांव अराईयांवाला के रहने वाले हैं, सोमवार रात करीब 9 बजे अपनी एक्टिवा पर सवार होकर व्यासपुर अनाज मंडी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अराईयांवाला रोड पर अहड़वाला के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी एक्टिवा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कृपाल सिंह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।
आंखों में मिर्च डालकर जेब से निकाले रुपये
जब तक पीड़ित संभल पाते, दोनों युवक उनके पास पहुंचे और उनकी आंखों में तीखा मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में भयानक जलन होने के कारण बुजुर्ग बेबस हो गए। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये का कैश निकाला और फरार हो गए। आंखों की जलन से कराहते हुए जब बुजुर्ग ने मदद के लिए शोर मचाया, तो राह से गुजर रहे गांव के ही अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। अनिल ने तुरंत पानी से उनकी आंखें धुलवाईं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
सूचना मिलते ही डायल 112 और कपालमोचन क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। व्यासपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी देखें – हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, जानिए किन जिलों में बढ़ी रात की ठंड

