August 12, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में 600 किलो संदिग्ध गोमांस से भरी पिकअप जब्त, क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था माल

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में 600 किलो संदिग्ध गोमांस से भरी पिकअप जब्त, क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था माल

यमुनानगर में 600 किलो संदिग्ध गोमांस से भरी पिकअप जब्त

Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के करहेड़ा चौक के पास गो तस्करी के शक में एक पिकअप गाड़ी को पकड़ने का मामला सामने आया है। श्री राम गो रक्षा दल के सदस्यों ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर पिकअप को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखा गया लगभग 600 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस बरामद हुआ। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

क्रेटों और गठड़ियों के नीचे छिपाकर रखा था मांस

शिकायतकर्ता एवं श्री राम गो रक्षा दल के सदस्य हर्षित ने बताया कि उन्हें पक्की जानकारी मिली थी कि एक अशोक लीलैंड पिकअप में अवैध रूप से मांस की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही दल की टीम करहेड़ा चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुस्तैद हो गई। जैसे ही संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची, उसे रोककर जांच की गई। गाड़ी के पिछले हिस्से में खाली प्लास्टिक के क्रेट रखे हुए थे, जब उन्हें हटाकर देखा गया तो नीचे गठड़ियों में भारी मात्रा में मांस छिपाया गया था।

सहारनपुर और यमुनानगर के रहने वाले हैं आरोपी

गो रक्षा दल के सदस्यों ने वाहन और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर अंतर्गत इंदौली खेड़ा निवासी अनीश, यमुनानगर के गढ़ी निवासी शाहरुख और शादीपुर निवासी नाजिम के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 की धारा 13(3) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

गड्डा खोदकर दबाया गया मांस, सैंपल जांच के बाद होगी पुष्टि

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरामद मांस को मौके पर ही गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया गया है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति और उसकी तकनीकी पुष्टि फॉरेंसिक एवं पशु चिकित्सक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले की जांच सदर थाने के एएसआई प्रदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मांस कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई कहां होनी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें– करनाल में दर्दनाक हादसा, गड्ढे में फंसा ट्रैक्टर पलटने से 3 की मौत, 2 की हालत गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed