August 7, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, कांवड़ लेकर लौट रहे जींद के 2 युवकों को ट्रक ने कुचला, मौत

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, कांवड़ लेकर लौट रहे जींद के 2 युवकों को ट्रक ने कुचला, मौत

यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, कांवड़ लेकर लौट रहे जींद के 2 युवकों को ट्रक ने कुचला, मौत

Yamunanagar News: संजीव चौहान (यमुनानगर)। हरिद्वार से भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के जत्थे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार देर रात रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर स्थित गांव घोड़ग के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने दो कांवड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना खौफनाक था कि दोनों युवक गंभीर रूप से कुचले गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जींद जिले के नरवाना निवासी सचिन (21) और अजय कुमार उर्फ काला (21) के रूप में हुई है।

बाल-बाल बचा साथी, आंखों के सामने देखा खौफनाक मंजर

हादसे का प्रत्यक्षदर्शी और मृतकों का साथी विक्रम कुमार किसी तरह सड़क किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। थाने में दर्ज शिकायत में विक्रम ने बताया कि वह अपने गांव के अन्य साथियों और दोनों मृतकों के साथ 3 अगस्त को कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब उनका जत्था गांव घोड़ग के पास से गुजर रहा था, तभी पीछे से यमुनानगर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सचिन और अजय को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारते ही चालक ट्रक सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

विक्रम ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

चार महीने पहले बंधा था सेहरा, इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप बेसुध

इस हादसे की खबर जैसे ही जींद के नरवाना पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों ने बताया कि दोनों दोस्त पहली बार एक साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। 21 वर्षीय सचिन दो बहनों का इकलौता भाई था और इसी साल अप्रैल में उसकी शादी हुई थी। शादी की शहनाइयों की गूंज अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि इस हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। वहीं दूसरा मृतक अजय दो भाइयों में छोटा था और घर पर खेती-बाड़ी में हाथ बटाता था।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

शुक्रवार को पुलिस ने यमुनानगर के नागरिक अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के आसपास और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक और वाहन का सुराग लगाकर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

यह भी पढ़ें– यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, सिर पर एक ही वार से तोड़ी खोपड़ी; रेकी का शक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed