Yamunanagar News: गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल करे सरकार, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मिले भाकियू चढ़ूनी के नेता
गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल करे सरकार, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मिले भाकियू चढ़ूनी के नेता
Yamunanagar News: संजीव चौहान (यमुनानगर)। हरियाणा में बढ़ती कृषि लागत और फसलों के वाजिब दाम न मिलने से परेशान किसान अब आर-पार के मूड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात की और गन्ने के समर्थन मूल्य में सम्मानजनक वृद्धि की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। किसान प्रतिनिधियों ने साफ शब्दों में कहा कि अगर सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना चाहती है, तो उसे गन्ने जैसी फसलों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना ही होगा।
खेती की बढ़ती लागत ने तोड़ी कमर, घट रहा गन्ने का रकबा
कृषि मंत्री के सामने किसानों का पक्ष रखते हुए यूनियन के नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गन्ने के भाव में हुई नाममात्र की बढ़ोतरी से किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। दूसरी ओर खाद, बीज, कीटनाशक दवाइयों, डीजल और खेत की कटाई-छिलाई की मजदूरी में भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। लागत और आमदनी का संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है, जिसके चलते किसान अब गन्ने की खेती से पीछे हटने लगे हैं और प्रदेश में इसका रकबा लगातार कम होता जा रहा है।
किसान नेताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ तो सरकार धान की जगह कम पानी खपत वाली फसलों की खेती करने की नसीहत देती है, लेकिन जब किसान गन्ने जैसी वैकल्पिक फसल अपनाते हैं तो उन्हें सही मूल्य नहीं मिलता। जब तक किसानों को मेहनत का सही फल नहीं मिलेगा, तब तक फसल विविधीकरण का सरकारी दांव धरातल पर सफल नहीं हो सकता।
गन्ने का रेट 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से जोर देकर मांग की कि मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य बढ़ाकर कम से कम 500 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और वे इस पारंपरिक खेती को जारी रख सकें।
इस मौके पर भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना, डायरेक्टर मंदीप रोड छप्पर, जिला सचिव विक्रांत ससोली, पंचकूला जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह और नवाब सिंह समेत कई वरिष्ठ किसान नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, कांवड़ लेकर लौट रहे जींद के 2 युवकों को ट्रक ने कुचला, मौत
