Narnaul Cow Calf Celebration: बेटे की तरह मनाई बछड़े की छठी, 1000 लोगों को बांटी देशी घी की दावत
बेटे की तरह मनाई बछड़े की छठी, 1000 लोगों को बांटी देशी घी की दावत
Narnaul Cow Calf Celebration: हरियाणा में पशुधन केवल आय का जरिया नहीं, बल्कि परिवार का एक अभिन्न हिस्सा माना जाता है। इसी भावना की एक खूबसूरत और अनोखी मिसाल नारनौल क्षेत्र में देखने को मिली। राजस्थान सीमा से सटे इस इलाके के किसान और पशुपालक जितेंद्र यादव ने अपनी गाय के बछड़े के जन्म को ठीक उसी तरह मनाया, जैसे अमूमन घर में बेटा पैदा होने पर जश्न मनाया जाता है। परिवार ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार बछड़े का कुआं पूजन कराया, महिलाओं ने मंगल गीत गाए और सुख-समृद्धि के लिए बाकायदा हवन-यज्ञ भी आयोजित किया गया।
21 हजार नकद और उपहार, ससुराल पक्ष ने भी निभाई छूछक की रस्म
इस अनूठे आयोजन में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा बछड़े का ‘छूछक’। जितेंद्र की ससुराल से करीब 20 महिला-पुरुष रिश्तेदार गाजे-बाजे के साथ छूछक की सामग्री लेकर उनके घर पहुंचे। ससुराल पक्ष की ओर से 21,000 रुपये नकद के साथ-साथ गाय और नवजात बछड़े ‘मन्नू’ के लिए खास चारा, माला और चुनरी भेंट की गई। इसके अलावा परिवार के तमाम सदस्यों के लिए कपड़े भी लाए गए। इस अनोखी परंपरा और ससुराल पक्ष के इस व्यवहार को देखकर हर कोई हैरान और अभिभूत नजर आया।
2 साल पहले बहरोड़ से लाए थे ‘मानू’, कार्ड छपवाकर 1000 लोगों को दी देशी घी की दावत
जितेंद्र यादव ने बताया कि करीब दो साल पहले वे राजस्थान के बहरोड़ स्थित एक गांव से साहीवाल और गिर नस्ल की छह महीने की बछड़ी लाए थे। उन्होंने उसका नाम ‘मानू’ रखा और परिवार के बच्चे की तरह ही उसका पालन-पोषण किया। लगभग एक सप्ताह पहले जब ‘मानू’ ने अपने पहले बछड़े को जन्म दिया, तो परिवार ने उसका नाम ‘मन्नू’ रखा। बछड़े के आगमन से गदगद परिजनों ने सर्वसम्मति से उसकी छठी और कुआं पूजन कराने का फैसला किया।
इस खुशी के मौके को यादगार बनाने के लिए रिश्तेदारियों और गांव में बाकायदा निमंत्रण पत्र (कार्ड) बांटे गए। कुआं पूजन के अवसर पर हलवाइयों को बुलाकर करीब 1,000 लोगों के लिए देशी घी के पकवानों और भव्य दावत की व्यवस्था की गई। पशु प्रेम और सामाजिक बंधनों की इस अनोखी मिसाल की पूरे महेंद्रगढ़-नारनौल बेल्ट में जमकर तारीफ हो रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
