August 9, 2026

Barnala News: मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने किया 90 लाख की लागत से कच्चा कॉलेज रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन

0
Barnala News: मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने किया 90 लाख की लागत से कच्चा कॉलेज रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन

Barnala News: नगर निगम बरनाला द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए रविवार को सरकारी अस्पताल के पास कच्चा कॉलेज रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। नगर निगम के मेयर हसनप्रीत भारद्वाज द्वारा लगभग 90 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर प्रीमिक्स डालने के काम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। यह सड़क सरकारी अस्पताल से शुरू होकर एसडी कॉलेज तक पूरी की जाएगी। इस अवसर पर मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने बताया कि कच्चा कॉलेज रोड शहर की प्रमुख सड़कों में से एक है, जिसकी हालत लंबे समय से खराब थी।

इस मार्ग से रोजाना हजारों छात्र, मरीज और आम राहगीर गुजरते हैं। अब 90 लाख रुपये की विशेष लागत से इस सड़क को आधुनिक मानकों के अनुसार दोबारा तैयार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने शहर के भविष्य के विकास की जानकारी देते हुए बताया कि बरनाला शहर की सभी मुख्य और अंदरूनी सड़कों के कायाकल्प के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये का विशेष बजट खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार शहरवासियों को उच्च स्तरीय बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस बड़े प्रोजेक्ट के तहत शेष वार्डों और लिंक सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण का काम भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाकर लोगों को टूटी सड़कों और जाम की समस्या से पक्की राहत दिलाई जा सके।

 

शहर की सभी मुख्य सड़कों का कायाकल्प जारी

मेयर ने कहा कि पिछले एक-दो महीनों के दौरान बरनाला शहर में सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के काम युद्ध स्तर पर चलाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सबसे व्यस्त सदर बाजार में पहले सीवरेज और पेयजल की नई पाइपलाइन बिछाई गई और उसके तुरंत बाद वहां नई सड़क बनाकर दुकानदारों की समस्याओं का समाधान किया गया। इसी कड़ी के तहत पक्का कॉलेज रोड, धनौला रोड और रामबाग रोड का निर्माण कार्य पहले ही सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब कच्चा कॉलेज रोड का काम शुरू होने से शहर के मुख्य मार्गों का नवीनीकरण पूरा हो जाएगा।

 

मेयर ने मुख्यमंत्री और सांसद का किया धन्यवाद

विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध कराने पर मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और क्षेत्र के सांसद का तहे दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहरों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अनुदान की कोई कमी नहीं आने दी जा रही है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे खुद आगे आकर चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी कि लोगों की सुविधा अनुसार जहां भी जल निकासी या सीवरेज चैंबरों की आवश्यकता है, उन्हें सही तरीके से बनाया जाए और केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग किया जाए।

 

रात की सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइटों का प्रोजेक्ट

मेयर हसनप्रीत भारद्वाज ने बताया कि सड़कों के अलावा शहर में रोशनी की कमी को दूर करने के लिए भी विशेष योजना के तहत काम किया जा रहा है। मेयर ने बताया कि नानकसर फ्लाईओवर सहित शहर के सभी मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। इस प्रोजेक्ट से न केवल रात के समय शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि अंधेरे के कारण होने वाले सड़क हादसों, बेसहारा पशुओं के कारण पैदा होने वाले खतरों और आपराधिक घटनाओं पर भी रोक लगेगी। उन्हें विश्वास दिलाया कि आने वाले दिनों में बरनाला शहर को एक मॉडल शहर बनाने के लिए कई और नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed