शिअद प्रमुख बादल की हमले के बाद सर्जरी की गई, हालत स्थिर: चिकित्सक

शिअद प्रमुख बादल की हमले के बाद सर्जरी की गई
Attack on Sukhbir Badal: महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक गुरुद्वारे के भीतर कृपाण से किए गए हमले में घायल हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की लगभग 90 मिनट तक सर्जरी हुई और अब उनकी हालत स्थिर है। उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वहीं, बादल की पत्नी एवं सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शिअद प्रमुख पर हुए हमले के बाद उनके परिवार को इस ‘‘मुश्किल घड़ी’’ में समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रवार को आभार व्यक्त किया। एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी और दोपहर में उन्हें हवाई मार्ग से पंजाब ले जाया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगट के अंदर बृहस्पतिवार को एक निहंग ने बादल पर हमला कर दिया था। इस घटना के वीडियो में बादल को दाहिने हाथ पर कपड़ा लपेटे अस्पताल की इमारत के भीतर जाते देखा जा सकता है। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर भी बादल पर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तुरंत यहां यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया, ‘‘सर्जरी डेढ़ घंटे तक चली। उनको अंदरूनी चोट लगी है और किसी नुकीली चीज से गहरा घाव का निशान है। अंदरूनी चोट का उपचार किया गया है।
प्लास्टिक सर्जन ने उनकी अल्नर धमनी तंत्रिका का भी उपचार किया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।’’ उन्होंने बताया कि शिअद प्रमुख को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इस बीच, घायल शिअद प्रमुख की पत्नी एवं सांसद हरसिमरत कौर बादल सुबह नांदेड़ शहर के एक गुरुद्वारे पहुंची जहां उन्होंने अरदास की और ‘अखंड पाठ’ में हिस्सा लिया। अपनी बेटी के साथ आईं पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बाद में गुरुद्वारे के लंगर में सेवा की और एक घंटे तक परिसर में रहीं। विशेष पुलिस महानिरीक्षक (एसपीयू) प्रवीण कुमार पडवल जांच का जायजा लेने के लिए आज नांदेड़ का दौरा करने वाले हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बादल को दोपहर में हवाई मार्ग से पंजाब ले जाया जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जसपाल सिंह ने बादल पर हमला क्यों किया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। हरसिमरत कौर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा साहिब के अंदर सरदार सुखबीर सिंह बादल पर हुए कायरतापूर्ण हमले के बाद उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए व्यक्तिगत रूप से फोन करने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक आभार।’’ शाह का धन्यवाद करते हुए हरसिमरत ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र में गुरुद्वारा साहिब के भीतर सुखबीर सिंह बादल जी पर हुए हमले के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए मुझसे संपर्क करने पर मैं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।” शिअद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री दलजीत सिंह चीमा ने पार्टी प्रमुख पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की ‘‘पंजाब बचाओ’’ रैलियां तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
