Yamunanagar News: यमुनानगर में तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी साइड, गड्ढे में गिरने से 37 वर्षीय सचिन की मौत

यमुनानगर में तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी साइड, गड्ढे में गिरने से 37 वर्षीय सचिन की मौत
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हल्दरी गुजरान बस अड्डे के पास देर रात हुए एक भीषण हादसे में 37 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान हसनपुर गांव निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। सचिन रात के वक्त अपने जीजा को बाइक पर उनके घर छोड़ने जा रहा था, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित थार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
पत्नी की बिगड़ी तबीयत तो साले के साथ घर लौट रहा था जीजा
पुलिस को दी गई शिकायत में दयालगढ़ रोड बुडिया निवासी 43 वर्षीय सूरजमल ने पूरी आपबीती सुनाई। सूरजमल के मुताबिक, वह अपनी ससुराल हसनपुर गया हुआ था। देर रात करीब साढ़े 10 बजे उसकी पत्नी अंजू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घर पर जरूरी इंतजाम करने के लिए सूरजमल ने बुडिया वापस लौटने का फैसला किया। उसका साला सचिन कुमार उसे अपनी बाइक पर बैठाकर बुडिया छोड़ने के लिए रवाना हुआ। बाइक सचिन ही चला रहा था।
पीछे से आई थार ने मारी टक्कर, गड्ढे में बिखरा खून
दोनों जैसे ही हल्दरी गुजरान बस अड्डे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार कार के चालक ने गफलत में बाइक को साइड मार दी। टक्कर लगते ही पीछे बैठे सूरजमल कच्चे रास्ते पर जा गिरे, जबकि सचिन बाइक समेत सड़क किनारे बनी दुकानों के पास एक गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में उगी घास के नीचे ईंटें पड़ी हुई थीं। बदकिस्मती से सचिन का सिर सीधे ईंटों से जा टकराया, जिससे उसके सिर और मुंह से बेतहाशा खून बहने लगा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें, आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आरोपी थार चालक कुछ सेकंड के लिए रुका, जिससे सूरजमल गाड़ी का नंबर देख पाए। इसके बाद आरोपी चालक गाड़ी चमकाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। सूरजमल ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान सचिन को तुरंत यमुनानगर के गाबा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मिली सूचना पर सब-इंस्पेक्टर कृष्ण पाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। बुडिया पुलिस ने सूरजमल के बयानों के आधार पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ धारावाहिक केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
