August 16, 2026

Farmer Protest: दिल्ली कूच पर अड़े किसान, जींद प्रशासन और 5 किसान नेताओं के बीच वार्ता शुरू, डल्लेवाल जाएंगे कोर्ट

0
Farmer Protest: दिल्ली कूच पर अड़े किसान, जींद प्रशासन और 5 किसान नेताओं के बीच वार्ता शुरू, डल्लेवाल जाएंगे कोर्ट

दिल्ली कूच पर अड़े किसान, जींद प्रशासन और 5 किसान नेताओं के बीच वार्ता शुरू, डल्लेवाल जाएंगे कोर्ट

Farmer Protest: किसान संगठनों की ‘किसान बचाओ पैदल यात्रा’ और दिल्ली कूच की घोषणा के बाद पंजाब-हरियाणा का खनौरी-दातासिंहवाला बॉर्डर एक बार फिर छावनी में तब्दील हो चुका है। जींद पुलिस और प्रशासन ने अलर्ट मोड पर आते हुए सीमा को पूरी तरह सील कर दिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बॉर्डर पर 5 लेयर बैरिकेडिंग, भारी-भरकम कंक्रीट के बोल्डर और लोहे के कंटेनर रखकर रास्ते को कड़ा पहरा दिया गया है। मौके पर वॉटर कैनन, वज्र वाहन, जेसीबी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात कर दी गई हैं।

डल्लेवाल का बड़ा बयान: जाएंगे सुप्रीम कोर्ट, 5 सदस्यीय किसान दल की जीं प्रशासन से वार्ता

खनौरी बॉर्डर पहुंचे वरिष्ठ किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने स्पष्ट किया कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं और वे इस पूरे मामले को लेकर हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

दूसरी ओर, गतिरोध दूर करने के लिए बीकेयू (एकता सिद्धूपुर) के राज्य सचिव काका सिंह कोटड़ा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल जींद के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) से बातचीत करने पहुंचा। इस वार्ता दल में पंजाब इंडियन फार्मर संगठन के गुरमेल सिंह, राजस्थान बीकेयू के राज्य अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह पनीवाला, बलदेव सिंह सिरसा, किसान जवान भलाई यूनियन के सुखदेव सिंह भोजराज और बीकेयू (भैरो गुट) के गुरमेल सिंह शामिल हैं।

अभिमन्यु कोहाड़ समेत कई किसान नेता कैथल में डिटेन, जींद एसपी सख्त

बॉर्डर पर तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब बीकेयू (एकता सिद्धूपुर हरियाणा) के राज्य अध्यक्ष अभिमन्यु कोहाड़ और उनके साथ मौजूद 18-20 किसानों को कैथल जिले के गांव धनौरी के पास पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। जींद के पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि किसी भी सूरत में किसानों को हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर दिल्ली की तरफ कूच नहीं करने दिया जाएगा।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल की टुकड़ियां बुलाई गई हैं। उधर, किसान नेताओं ने भी दो टूक कहा है कि यदि उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया, तो वे सीमा पर ही पक्का मोर्चा खोल देंगे।

शुभकरण के शहीदी स्थल से उठेगी माटी, 228 KM पैदल चलकर जंतर-मंतर जाएंगे 51 किसान

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:30 बजे अरदास के बाद गुरुद्वारा साहिब के पास एक जनसभा आयोजित की जा रही है। इसके बाद दोपहर 3 बजे 51 पदयात्रियों का विशेष जत्था युवा किसान शहीद शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल की मिट्टी अपने हाथों में लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर के लिए पैदल रवाना होगा। करीब 228 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का पहला रात्रि विश्राम बेलरखा गांव में तय किया गया है। पंजाब जाने और आने वाले तमाम गाड़ियों के रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं और जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर छाएंगे मानसूनी बादल, सोनीपत-करनाल में जलभराव, जानें आपके जिले में कब होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed