Rohtak News: रोहतक के खोखराकोट में NCB की रेड, हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

रोहतक के खोखराकोट में NCB की रेड, हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
Rohtak News: हरियाणा में नशे के बढ़ते जाल पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की सोनीपत यूनिट ने रोहतक शहर के रैनकपुरा खोखराकोट इलाके में दबिश देकर एक महिला नशा तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी महिला के पास से 25.24 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसे वह इलाके में सप्लाई करने की फिराक में थी।
सोनीपत यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक अजय धनखड़ ने बताया कि एएसआई रोहताश की अगुवाई में ब्यूरो की एक विशेष टीम रोहतक के थाना शहर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि खोखराकोट निवासी बाला देवी अपने घर के बाहर वाली गली में अवैध नशीला पदार्थ लेकर खड़ी है और ग्राहकों का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की और महिला को काबू कर लिया।
महिला पुलिसकर्मी ने ली तलाशी, कब्जे से मिली 25.24 ग्राम हेरोइन
अजय धनखड़ के अनुसार, नियमानुसार महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में आरोपी बाला देवी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25.24 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके तुरंत बाद टीम आरोपी महिला को हिरासत में लेकर सिटी थाने पहुंची और उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया।
खोखराकोट और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में एक महिला का सीधे तौर पर तस्कर के रूप में सामने आना इस बात की ओर इशारा करता है कि नशे का यह काला कारोबार अब गलियों तक पैर पसार चुका है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
निरीक्षक अजय धनखड़ ने स्पष्ट किया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रहा है। तस्करों के पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए आए दिन छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि वह यह हेरोइन कहां से खरीदकर लाती थी और रोहतक में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायरों तक भी शिकंजा कसा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें
