August 17, 2026

Faridabad News: फरीदाबाद में खंभे से टकराकर आग का गोला बनी टैक्सी, बाइक सवार ने शीशा तोड़ बचाई जान

0
Faridabad News: फरीदाबाद में खंभे से टकराकर आग का गोला बनी टैक्सी, बाइक सवार ने शीशा तोड़ बचाई जान

फरीदाबाद में खंभे से टकराकर आग का गोला बनी टैक्सी

Faridabad News: फरीदाबाद के सराय ख्वाजा इलाके के पास तड़के एक दर्दनाक हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। दिल्ली से सवारी छोड़कर अपने घर लौट रहे एक टैक्सी चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे खंभे से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के इंजन में स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते कार के अगले हिस्से ने आग पकड़ ली।

हादसे का शिकार हुए अशोका एनक्लेव निवासी टैक्सी चालक विपिन ने बताया कि वह दिल्ली से एक सवारी को सेक्टर-35 छोड़कर अपने घर लौट रहा था। तड़के करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही वह सेक्टर-35 से सराय ख्वाजा की ओर जाने वाले मोड़ पर पहुंचा, थकान के कारण उसकी आंख लग गई। पलक झपकते ही गाड़ी बेकाबू होकर सीधे खंभे में जा घुसी।

दरवाजा लॉक होने से अंदर फंसा ड्राइवर, मसीहा बनकर आया बाइक सवार

टक्कर के तुरंत बाद कार के इंजन से भारी धुआं निकलने लगा और अंदर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग की लपटें उठने लगीं। विपिन ने कार से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन हादसे के कारण ड्राइवर साइड का दरवाजा बुरी तरह लॉक हो चुका था। अंदर लपटें और धुआं फैलने से विपिन की जान आफत में फंस गई।

इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार की नजर जलती हुई कार और अंदर फंसे ड्राइवर पर पड़ी। बिना वक्त गंवाए बाइक सवार तुरंत रुका और भारी मशक्कत के बाद कार का शीशा तोड़कर विपिन को खींचकर बाहर निकाला। अगर बाइक सवार सही समय पर न पहुंचता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू, चालक पूरी तरह सुरक्षित

विपिन के बाहर निकलते ही अगले दस मिनट के भीतर आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-31 फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

सेक्टर-31 फायर स्टेशन के इंचार्ज विपिन कौशिक ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे कार में आग लगने की कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लपटों को बुझाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और टैक्सी चालक विपिन पूरी तरह सुरक्षित है।

यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed