महेंद्रगढ़ जिला में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत, इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब में रेल संपर्क तैयार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अगस्त को दिखाएंगे पहली मालगाड़ी को हरी झंडी

Narnaul News: जिला महेंद्रगढ़ में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने पुलिस अधीक्षक दीपक और एसडीएम अनिरुद्ध यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। आगामी 23 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यहां समर्पित माल ढुलाई गलियारे से जुड़े नए रेल मार्ग का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजस्थान के न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी तलोट, घाटाशेर तथा बसीरपुर की जमीन पर बने इस केंद्र पर पहुंचेगी, जिसे मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि यह पूरी परियोजना कुल 1305 एकड़ भूमि पर स्थापित होनी है, जिसके पहले चरण के तहत 408 एकड़ क्षेत्र को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। परियोजना के तहत तलोट, घाटाशेर तथा बसीरपुर गांव में रेल पटरी के दोनों तरफ आधुनिक स्टेशन भवनों का निर्माण किया गया है और मालगाड़ियों के सुगम संचालन के लिए चार रेल पटरियां बिछाई गई हैं। यहां माल चढ़ाने और उतारने के लिए लगभग 2 किलोमीटर लंबा विशाल रेलवे मंच तैयार किया गया है, जो भारी मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही को बेहद आसान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के किनारे स्थित यह केंद्र देश के व्यापारिक मानचित्र पर एक मजबूत आधार बनेगा। भारत सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग और हरियाणा सरकार के सहयोग से तैयार यह परियोजना पूरे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने की क्षमता रखती है।
डीसी ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से बड़े उद्योगों को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए हजारों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शुभारंभ कार्यक्रम से जुड़े सभी सुरक्षा, यातायात और तकनीकी प्रबंध समय रहते पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
