Panipat news: पानीपत सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन रूम में दरिंदगी की शिकार महिला की रोहतक PGI में मौत

पानीपत सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन रूम में दरिंदगी की शिकार महिला की रोहतक PGI में मौत
Panipat news: पानीपत के सिविल अस्पताल में इंसानियत और स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली वारदात की पीड़िता ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। रविवार रात सीटी स्कैन कराने आई 57 वर्षीय महिला के साथ अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने अश्लील हरकतें और हैवानियत की थी। वारदात के बाद से ही गंभीर सदमे में चल रही महिला का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उनकी मौत हो गई। महिला की नाजुक स्थिति के कारण पुलिस उनका मेडिकल परीक्षण और औपचारिक बयान भी दर्ज नहीं कर सकी थी।
परिजनों को बाहर रोका, अंदर गार्ड ने की दरिंदगी
पानीपत की एक कॉलोनी की रहने वाली 57 वर्षीय पीड़िता को रविवार रात करीब 9:30 बजे शरीर में तेज दर्द की शिकायत पर सिविल अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। जब परिजन महिला को सीटी स्कैन रूम लेकर पहुंचे, तो वहां तैनात सुरक्षा गार्ड राकेश ने परिजनों को यह कहकर बाहर ही रोक दिया कि मरीज को अकेले अंदर ले जाना होगा।
कमरे के भीतर कोई अन्य महिला स्वास्थ्यकर्मी या डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी गार्ड राकेश ने महिला के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। पीड़िता की शिकायत और सामने आए वीडियो के अनुसार, आरोपी ने कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर दांतों से होठों को काट लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर बाहर जाकर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा।
पीड़िता का वीडियो आया सामने: ‘बोली- आवाज बाहर गई तो जान से मार दूंगा’
मौत से पहले पीड़िता का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए अपनी आपबीती सुना रही हैं। पीड़िता ने बताया, “जब मुझे मशीन पर लेटाया गया तो वहां सिर्फ वही लड़का था। उसने मेरे होठ काट दिए और जब मैंने शोर मचाने की कोशिश की तो उसने मेरा मुंह दबाकर कहा कि आवाज बाहर नहीं जानी चाहिए।”
परिजनों के मुताबिक, महिला पहले से ही दिल की मरीज थीं और उन्हें शुगर व टीबी की बीमारी भी थी। इस खौफनाक घटना के बाद से ही वह काफी घबराई हुई थीं और उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
आरोपी गार्ड टर्मिनेट, पुलिस जांच में जुटी
मामले में लैब इंचार्ज सचिन ने माना कि राकेश अस्पताल में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात था और टेस्ट के दौरान मदद के लिए उसे लैब के अंदर बुला लिया जाता था। घटना की शिकायत मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने आरोपी गार्ड को तुरंत प्रभाव से टर्मिनेट (बर्खास्त) कर दिया है।
पानीपत पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की धाराएं जोड़ी जाएंगी।
यह भी पढ़ें– हांसी को मिला नया पहचान पत्र, अक्षरों में समाया असीगढ़ किले का वैभव, 1857 की क्रांति और ड्रोन सिटी की नई उड़ान
