September 6, 2026

Rohtak News: रोहतक में बेटे ने चुन्नी से गला घोंटकर की मां की हत्या, खुद थाने पहुंचकर बोला- ‘जाकर देख लो’

0
Rohtak News: रोहतक में बेटे ने चुन्नी से गला घोंटकर की मां की हत्या, खुद थाने पहुंचकर बोला- 'जाकर देख लो'

रोहतक में बेटे ने चुन्नी से गला घोंटकर की मां की हत्या, खुद थाने पहुंचकर बोला- 'जाकर देख लो'

Rohtak News: रोहतक के गांव ब्राह्मणवास में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। एक 20 वर्षीय युवक ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी मां की उसी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बेटा भागा नहीं, बल्कि खुद रोहतक के सदर थाने पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बेखौफ होकर बोला, “मैंने अपनी मां को मार दिया है, आप जाकर देख लो।” आरोपी के मुंह से यह सुनते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव आंगन में पड़ा मिला।

अकेले रहने और सोनीपत न जाने की जिद बनी विवाद की वजह

मृतका की पहचान 40 वर्षीया पिंकी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिंकी का पति देवेंद्र गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वहीं, उसके तीन बच्चे—बड़ा बेटा प्रिंस उर्फ मोनू और दो बेटियां—सोनीपत में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं। पिंकी की अपने सास-ससुर से पटरी नहीं बैठती थी, जिसके चलते वह अपने पति के पैतृक गांव ब्राह्मणवास में अकेली रहती थी।

बेटा प्रिंस इस बात से बेहद नाराज रहता था कि उसकी मां गांव में अकेली क्यों रहती है। हर रविवार की तरह इस बार भी प्रिंस सुबह करीब सवा 11 बजे अपनी मां से मिलने गांव पहुंचा। उसने मां से सोनीपत चलकर पूरे परिवार के साथ रहने को कहा, लेकिन पिंकी ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

हाथापाई के बाद चुन्नी से घोंट दिया गला

देखते ही देखते मां-बेटे के बीच की बहस हाथापाई में बदल गई। गुस्से में अंधा हुआ प्रिंस अपनी ही मां की छाती पर चढ़ बैठा और उसकी चुन्नी से गला घोंट दिया। पिंकी जब तक कुछ समझ पाती या शोर मचा पाती, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मां को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी बेटा शव को आंगन में ही छोड़कर सीधा थाने के लिए निकल गया।

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक पीजीआई (PGI) के डेड हाउस भेज दिया है।

सदर थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पारिवारिक कलह और मां के अलग रहने के फैसले से उपजे इस भयानक गुस्से ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather: हरियाणा में मानसून फिर हुआ मेहरबान, यमुनानगर समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed