September 9, 2026

Yamunanagar News: जगाधरी में प्रिंसिपल की थप्पड़ से छात्र के कान का पर्दा फटा, गिरफ्तारी के लिए मां पहुंची CM विंडो

0
Yamunanagar News: जगाधरी में प्रिंसिपल की थप्पड़ से छात्र के कान का पर्दा फटा, गिरफ्तारी के लिए मां पहुंची CM विंडो

जगाधरी में प्रिंसिपल की थप्पड़ से छात्र के कान का पर्दा फटा

Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर जिले से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जगाधरी के गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा के कुश्ती खिलाड़ी छात्र कृष्णा से हुई कथित बर्बरता का मामला अब थाने से निकलकर मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। घटना के 35 दिन बाद पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने और इसके बाद भी आरोपी प्रिंसिपल की गिरफ्तारी न होने से आहत पीड़ित छात्र की मां नेहा शर्मा ने अब ‘सीएम विंडो’ पर गुहार लगाई है।

10 मिनट देरी से आने पर सफाई करने का दबाव, मना करने पर जड़े 15-20 थप्पड़

मामला 30 जुलाई का है। परिजनों के अनुसार, 11वीं में पढ़ने वाला कृष्णा खेल महाकुंभ का गोल्ड मेडलिस्ट कुश्ती खिलाड़ी है। 30 जुलाई की सुबह वह महज 10 मिनट देरी से स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि इस बात से नाराज स्कूल प्रिंसिपल ने उसे मैदान की सफाई करने और कूड़ा उठाने का हुक्म सुना दिया।

जब छात्र ने इससे इनकार किया तो प्रिंसिपल ने आपा खो दिया और उसके दोनों कानों पर ताबड़तोड़ 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। दर्द से कराहता हुआ कृष्णा जब घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को आपबीती बताई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि पिटाई के कारण उसके एक कान का पर्दा फट गया है और उसे सुनाई देना बंद हो गया है।

टूट गया नेशनल खेलने का सपना, खेल करियर पर पड़ा बुरा असर

कान में आई इस गंभीर चोट का असर छात्र की सेहत के साथ-साथ उसके खेल करियर पर भी पड़ा है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि कृष्णा आगामी बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी में जुटा हुआ था, लेकिन इस चोट के कारण वह 4 अगस्त को आयोजित स्कूल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भी हिस्सा नहीं ले पाया। एक होनहार खिलाड़ी का भविष्य इस घटना के बाद से अंधकारमय नजर आ रहा है।

35 दिन की भागदौड़ के बाद FIR, पर अब तक गिरफ्तारी नहीं

पीड़ित की मां नेहा शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शुरू में मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। 35 दिनों की लगातार भागदौड़ के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 351(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया।

हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ढीली कार्रवाई जारी है। मां का आरोप है कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय ढील दे रही है। इसी के विरोध में अब उन्होंने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाकर न्याय और प्रिंसिपल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

यह भी पढ़ें– मानसून सुस्त होते ही उमस से उबले हरियाणा के 10 जिले, किसानों के लिए मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed