Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस का कहर, सेब खरीदकर लौट रहे बुजुर्ग को कुचला, मौत
कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस का कहर, सेब खरीदकर लौट रहे बुजुर्ग को कुचला
Kurukshetra News: धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के पिहोवा इलाके में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पिहोवा के मुर्तजापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग बंबूल सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। बंबूल सिंह करनाल के गुरुनानक खालसा कॉलेज में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर महाबीर सिंह के पिता थे। हरिद्वार से लौट रही कैथल डिपो की एक बेकाबू रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
फोन पर मिली दुर्घटना की खबर, सड़क पर तड़पते मिले पिता
मृतक के बेटे प्रोफेसर महाबीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 17 सितंबर को उनके पास मुर्तजापुर निवासी विक्रम का फोन आया था। विक्रम ने उन्हें सूचना दी कि उनके पिता बंबूल सिंह का मुर्तजापुर पेट्रोल पंप के पास एक्सीडेंट हो गया है और एक सरकारी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया है।
खबर मिलते ही महाबीर सिंह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। वहां उनके पिता खून से लथपथ सड़क पर पड़े थे और पास ही टक्कर मारने वाली कैथल डिपो की हरियाणा रोडवेज बस (HR-64-GV-2410) खड़ी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
परिजन और स्थानीय लोग बिना वक्त गंवाए घायल बंबूल सिंह को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बंबूल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, बंबूल सिंह हादसे से ठीक पहले मुर्तजापुर में एक दुकान से अपने घर के लिए सेब खरीदकर पैदल लौट रहे थे। जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, हरिद्वार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी कैमरों की तलाशी जारी
घटना की सूचना मिलते ही पिहोवा सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पुलिस ने प्रोफेसर महाबीर सिंह की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया गया है। चालक की पहचान के लिए डिपो से संपर्क साधा जा रहा है। साथ ही हादसे की सही वजह जानने के लिए मुर्तजापुर के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें– कैथल पुलिस का एक्शन, OTP पूछकर खाते में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, कमीशन पर करता था काम
