September 19, 2026

पैसे और पेट्रोल के बाद अब iPhone-17 बांटेंगे राजा दी किंग, 10 महिलाओं का होगा चयन; वॉट्सऐप ग्रुप से चुने जाएंगे विजेता

0
पैसे और पेट्रोल के बाद अब iPhone-17 बांटेंगे राजा दी किंग, 10 महिलाओं का होगा चयन; वॉट्सऐप ग्रुप से चुने जाएंगे विजेता

10 महिलाओं को मुफ्त फोन देने की तैयारी

Chandigarh iPhone Langar: चंडीगढ़-मोहाली में 22 सितंबर को 10 महिलाओं को मुफ्त iPhone-17 देने की योजना बनाई गई है। कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ के मुताबिक, कार्यक्रम चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में दोपहर 12 बजे होगा। इसमें 18 साल से अधिक उम्र की चंडीगढ़ और मोहाली की महिलाएं शामिल होंगी, लेकिन पात्रता के लिए पहले से बनाए गए वॉट्सऐप ग्रुप का सदस्य होना जरूरी होगा। राजा के मुताबिक, लकी ड्रॉ में जिन 10 महिलाओं के नाम आएंगे, उन्हें iPhone-17 दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक फोन की कीमत करीब एक लाख रुपए है। 5 अक्टूबर के बाद यह तय किया जाएगा कि आगे iPhone की संख्या बढ़ाई जाएगी या नहीं। इसके बाद जीरकपुर और पंचकूला में भी इस तरह के आयोजन शुरू करने की योजना बताई गई है।

 

 

वॉट्सऐप ग्रुप में रोज लिखना होगा ‘जय माता दी’

राकेश त्रेहन के मुताबिक, चंडीगढ़ और मोहाली की 18 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं और युवतियों के लिए वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। इसमें शामिल होने के लिए महिलाओं को दिए गए नंबर पर फोन करना होगा, जिसके बाद उनका नंबर ग्रुप में जोड़ा जाएगा। ग्रुप में शामिल होने के बाद सदस्यों को रोज ‘जय माता दी’ लिखना होगा। इसी ग्रुप के सदस्यों में से लकी ड्रॉ के जरिए iPhone पाने वाली महिलाओं का चयन किया जाएगा।

राजा के मुताबिक, लकी ड्रॉ के समय वॉट्सऐप ग्रुप खोला जाएगा। इसके बाद ग्रुप में शामिल सदस्यों की सूची को मोबाइल स्क्रीन पर उंगली से ऊपर की ओर स्क्रॉल किया जाएगा। स्क्रीन जिस महिला के नाम और मोबाइल नंबर पर रुक जाएगी, उसे विजेता माना जाएगा। इसी प्रक्रिया से 10 महिलाओं का चयन कर उन्हें iPhone देने की बात कही गई है।

 

 

15 सितंबर को मोहाली में लगाया था पैसों का लंगर

iPhone बांटने से पहले 15 सितंबर 2026 को राकेश त्रेहन ने मोहाली के फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर के बाहर पैसों का लंगर लगाया था। यहां ‘जय माता दी’ बोलने पर लोगों को नकद राशि दी गई थी। ज्यादातर लोगों को ₹500 दिए गए, जबकि कुछ लोगों को ₹1,000 और ₹1,500 तक की राशि मिली। आयोजन से पहले उनकी टीम ने लोगों के मोबाइल नंबर लिए और कूपन बांटे थे। बाद में लोगों को लाइन में खड़ा करके राशि दी गई। राजा ने इसे माता रानी का प्रसाद बताया था।

अगस्त 2026 में सेक्टर-8 में भी राजा दी किंग ने पैसों का लंगर लगाया था। इस आयोजन में लोगों को ₹500 के नकद नोट के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक बांटे गए थे। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। राजा ने इस आयोजन को सेवा और माता रानी की कृपा से जोड़ा था। इसके बाद पेट्रोल के लंगर की घोषणा ने भी चंडीगढ़ में चर्चा पैदा की।

 

 

बारिश के बाद पेट्रोल लंगर की तारीख बदली, प्रशासन से परमिशन नहीं मिली

राकेश त्रेहन ने 18 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-7 और सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का लंगर लगाने की घोषणा की थी। योजना के तहत लोगों को ₹500 और ₹1,000 के पेट्रोल कूपन देने की बात कही गई थी। 18 अगस्त को भारी बारिश और जलभराव के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका। इसके बाद राजा किंग ने 21 अगस्त की नई तारीख घोषित की, लेकिन इसके बाद प्रशासन से आयोजन की परमिशन नहीं मिली। अब त्रेहन के मुताबिक, पेट्रोल के लिए नए कूपन तैयार किए जा रहे हैं। पुराने ₹2,500, ₹1,000 और ₹500 वाले कूपन बंद कर दिए गए हैं। पेट्रोल लंगर के दौरान बड़ी संख्या में कूपन बांटे जाने की बात सामने आई थी और नकली कूपन का मामला सामने आने के बाद नए कूपन को लेकर सावधानी बरती जा रही है।

राकेश त्रेहन सोशल मीडिया पर ‘राजा दी किंग’ नाम से पहचाने जाते हैं। वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले हैं। उनके पिता कपड़े के कारोबारी थे और अब उनका निधन हो चुका है। राकेश के मुताबिक, उन्हें पिता की संपत्ति का आधा हिस्सा मिला है। उनके मुताबिक, उनकी कंपनी डिजिटल करेंसी और ऑनलाइन फाइनेंस मार्केट में निवेश व ट्रेडिंग से जुड़ी है। उनका कारोबार रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी डीलिंग से भी जुड़ा है। वह मर्सिडीज गाड़ी में चलते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए बाउंसर रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed