Pathankot Canal Suspicious Shell : पठानकोट में नहर के पास मिला मिसाइलनुमा संदिग्ध बम शैल, सुरक्षा एजेंसियां और सेना अलर्ट
पठानकोट में नहर के पास मिला मिसाइलनुमा संदिग्ध बम शैल, सुरक्षा एजेंसियां और सेना अलर्ट
Pathankot Canal Suspicious Shell : सीमावर्ती जिले पठानकोट में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुजानपुर-जुगियाल रोड स्थित यूबीडीसी (अपरबारी दोआब कैनाल) नहर के अंदर एक संदिग्ध मिसाइलनुमा वस्तु दिखाई दी। शनिवार की शाम जब इलाके में रोजमर्रा की गतिविधियां चल रही थीं, तब इस लावारिस वस्तु के मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए।
फौरन हरकत में आते हुए पुलिस और सेना के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर कड़े सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया।
फैक्ट्री से लौटते वक्त युवक की पड़ी नजर
घटना के गवाह और सुजानपुर के शाहपुर गेट निवासी मोहन लाल ने बताया कि वे अपनी फैक्ट्री का काम खत्म करके देर शाम घर लौट रहे थे। रास्ते में जब वे हाथ-मुंह धोने के लिए नहर के पास रुके, तो पानी के बीच एक अजीबोगरीब और संदेहास्पद चीज पर उनकी नजर पड़ी।
वस्तु की बनावट किसी मिसाइल या जिंदा बम जैसी दिखने से वे घबरा गए, लेकिन बिना वक्त गंवाए उन्होंने तुरंत इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर फोन करके पुलिस को इसकी इत्तला दी।
पुलिस और सेना ने संभाला मोर्चा, इलाका सील
सूचना मिलते ही थाना सुजानपुर से एएसआई जसपाल सिंह अपनी टीम के साथ फौरन घटनास्थल पर जा पहुंचे। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने एहतियातन तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और लोगों को पानी के करीब जाने से रोक दिया।
कुछ ही देर में भारतीय सेना के विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) भी मौके पर पहुंच गया। विशेषज्ञों की टीम अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह वस्तु किस तरह का शेल है और क्या इसके भीतर कोई सक्रिय विस्फोटक सामग्री मौजूद है या नहीं।
पानी के तेज बहाव में पीछे से बहकर आया शेल: एसएसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यूबीडीसी नहर में जो वस्तु मिली है, वह असल में एक पुराना बम शैल प्रतीत होता है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह हाल-फिलहाल का नहीं बल्कि पुराना है जो शायद बीते दिनों आए पानी के तेज बहाव में कहीं ऊपरी इलाकों से बहकर यहां तक पहुंच गया है।
अब चूंकि नहर में पानी का स्तर कम हुआ है, इसलिए यह सतह पर दिखाई देने लगा है। पुलिस और सेना की संयुक्त टीम इसे सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर नियमानुसार डिफ्यूज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
