Uklana Fire News: आग का विकराल रूप देख सहमे लोग, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, जांच शुरू
आग का विकराल रूप देख सहमे लोग, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, जांच शुरू
Uklana Fire News: हरियाणा के हिसार जिले के अंतर्गत आने वाली उकलाना मंडी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रसिद्ध बहुमंजिला फर्नीचर शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई।
बीती रात करीब दो बजे लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही बेहद विकराल रूप अख्तियार कर लिया। शोरूम की ऊपरी दो मंजिलों में तैयार रखा बेशकीमती फर्नीचर, प्लाईवुड और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दो बजे मिली मालिक को सूचना, मौके पर पहुंचीं उकलाना और भूना से दमकल गाड़ियां
मिली जानकारी के मुताबिक, उकलाना मंडी में जैन स्थान के समीप स्थित ‘सविंद्रा फर्नीचर हाउस’ में बड़े पैमाने पर फर्नीचर तैयार और बिक्री किया जाता है। रविवार रात करीब दो बजे शोरूम के मालिक सरदार सविंदर को पड़ोसियों द्वारा दुकान से धुआं और लपटें उठने की खबर मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो आग पूरे शोरूम में फैल चुकी थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। उकलाना से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पड़ोस के भूना से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े।
घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू, आग के कारणों की जांच जारी
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए तुरंत मोर्चा संभाला। कई घंटों तक पानी की बौछारें करने के बाद तड़के जाकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
हालांकि, तब तक शोरूम की ऊपरी मंजिलों में रखा अधिकांश माल राख के ढेर में तब्दील हो चुका था। गनीमत यह रही कि हादसा रात के वक्त हुआ और भूतल पर आग समय रहते रोक ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य वजह से, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम नुकसान के आकलन और कारणों की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा से मानसून की विदाई शुरू, जानें कब से पड़ेगी गुलाबी ठंड
