Narnaul: नशे से दूर रखने के लिए युवा क्लबों को खेल से जोड़ा जाएगा
Narnaul: युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के उद्देश्य से माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा बाबा सेवादास युवा क्लब के तत्वावधान में धौलेड़ा गांव में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया।
कार्यक्रम में वर्ष 2026 में UPSC में चयनित विशेष रूप से सक्षम युवा नीतीश कुमार ने युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस मौके पर नांगल चौधरी पंचायत समिति के चेयरमैन कर्मपाल यादव ने कहा कि उन्होंने आज तक किसी भी प्रकार का नशा नहीं किया है और आगे भी पूरी जिंदगी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है। उन्होंने युवाओं से भी नशे से दूर रहने तथा समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए युवा क्लबों को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने युवाओं को VBYLD क्विज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 100 सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
युवा आइकन हरिश शर्मा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता कृष्ण ने किया।
इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के खिलाफ अपने हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में पार्षद नरोत्तम यादव, सरपंच देवेंद्र प्रजापत, कृष्ण कुमार, कैप्टन अशोक कुमार, समाजसेवी राजकुमार, राजेश, स्वयंसेवक अशोक, राहुल एवं सिद्धार्थ सहित अनेक युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
