Rewari : जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार कर 12 लाख रुपये ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित
Rewari : जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार कर 12 लाख रुपये ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित
Rewari : रेवाड़ी जिले की बावल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार कर 12 लाख रुपये हड़पने और बाद में रजिस्ट्री करने से इनकार करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
बावल थाना पुलिस को दी गई शिकायत में शाहपुर (तहसील बावल) निवासी बलवान सिंह (पुत्र बलबीर सिंह), करन सिंह (पुत्र कलूराम) और अन्य ने बताया कि आरोपी कबूल उर्फ कमल सिंह (निवासी सुबासेड़ी) ने 19 अप्रैल 2025 को एक जमीन का इकरारनामा उनके पक्ष में किया था। इस सौदे के तहत जमीन की कुल कीमत करीब 98 लाख रुपये तय की गई थी। इसके एवज में आरोपियों को 12 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे, जिसमें से 10 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए थे।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब उन्होंने तय समझौते के तहत जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा, तो आरोपी मुकर गया। उसने न केवल इकरारनामा को फर्जी बताया, बल्कि खुद को उस जमीन का मालिक होने से भी साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा, पैसे वापस मांगने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी और अब मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
कई मामलों में वांछित और भगोड़ा रह चुका है आरोपी
बावल थाना प्रभारी रणबीर ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पहले से ही करीब पांच-छह मामलों में वांछित चल रहा था। इनमें से एक मामले में उसे पहले ही भगोड़ा (Proclaimed Offender) घोषित किया जा चुका है, जबकि एक अन्य मामले में उसे सजा होने की बात भी सामने आई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी लगभग एक साल से पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा था। इनमें से कुछ मामले बावल थाना क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि एक मामला कोटकासिम अदालत में भी दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ कर फर्जी इकरारनामे, जमीन के अन्य दस्तावेजों और लेन-देन के रिकॉर्ड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह भी देखें – अवैध तेल के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल और थीनर बरामद, एक हिरासत में
