September 21, 2026

Narnaul: आईआईएम रोहतक के विद्यार्थी पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर डिजिटल हरियाणा से लेकर एग्रीकल्चर इकोनामी को धरातल पर जाकर समझेंगे

0
Nnl 6

Narnaul: भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रोहतक के विद्यार्थियों ने अपने पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के पहले दिन सोमवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली से मुलाकात की तथा प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार ने डिजिटल हरियाणा मुहिम के तहत अधिकतर सेवाओं और योजनाओं को ऑनलाइन कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में भी इंतकाल जैसी प्रक्रिया को अब ऑटो मोड पर कर दिया गया है, जिससे रजिस्ट्री के बाद नागरिकों को इंतकाल करवाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिनके माध्यम से सेवाओं और योजनाओं को सरल तरीके से आम नागरिक तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर सप्ताह में सोमवार व वीरवार को प्रत्येक उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का भी आयोजन किया जाता है।
लिंग अनुपात के सवाल पर उपायुक्त ने कहा कि यह एक सामाजिक मुद्दा है और सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से इसमें काफी सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिला अब शिक्षा का हब बनता जा रहा है और लोगों की सोच में भी बदलाव आ रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्र का अच्छी तरह से दौरा करें तथा एग्रीकल्चर इकोनॉमी को भी समझें।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिला ऐतिहासिक धरोहरों का क्षेत्र है और यहां मौजूद स्मारक आने वाले समय में टूरिज्म का बड़ा केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन ऐतिहासिक स्मारकों का दौरा करने की भी अपील की।
इस मौके पर नगराधीश डॉ. मंगल सेन, डीडीपीओ अंकित चौहान, प्रोफेसर सरित बिस्वास तथा अजय कुमार समारिया भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed