Narnaul/Mahendergarh: यातायात नियमों का पालन कर बचाया जा सकता है अनमोल जीवन
Narnaul: राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत ‘रोड सेफ्टी एंड अवेयरनेस’ विषय पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों द्वारा विशेष रूप से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए गए। पोस्टरों के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सावधानी बरतने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेड क्रॉस एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘रोड सेफ्टी एंड अवेयरनेस’ जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली को मुख्य अतिथि मेजर एम.आर. लांबा, पूर्व जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य अतिथि मेजर एम.आर. लांबा ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय यादव ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
रोड सेफ्टी के नोडल अधिकारी प्रो. गगनदीप यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. समृद्धि ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सेवा भावना को बढ़ावा देते हुए ‘सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन’ का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेड क्रॉस एवं रेड रिबन क्लब के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ. बलजीत सिंह, प्रो. विकास, प्रो. हीरा सिंह, रोड सेफ्टी के नोडल अधिकारी प्रो. गगनदीप यादव, यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. समृद्धि, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अभिषेक कुमार, प्रो. विक्रम सिंह, डॉ. विकास गुप्ता सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
