September 22, 2026

मोहाली में आज पहुंचेगी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’, सफलता के लिए भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

0
मोहाली में आज पहुंचेगी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’, सफलता के लिए भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

मोहाली में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव वशिष्ट मंदिर में पूजा अर्चना करते व महाआरती में हिस्सा लेते

Mohali News: पंजाब को नशामुक्त बनाने और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ आज मोहाली पहुंचेगी। 18 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा 30 सितंबर तक पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए जालंधर में संपन्न होगी। मोहाली में यात्रा के दो स्थानों पर पड़ाव प्रस्तावित हैं। यात्रा के स्वागत और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी की ओर से यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के साथ समन्वय की बात कही गई है। इसी कड़ी में सोमवार शाम श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-4, मोहाली में जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव वशिष्ट विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और 108 ज्योतों की महाआरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया।

 

इस दौरान उन्होंने यात्रा की सफलता, शांतिपूर्ण आयोजन और पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान की सफलता के लिए प्रार्थना की। भाजपा नेताओं का कहना है कि मोहाली को पंजाब का ‘गेटवे’ और प्रदेश की महत्वपूर्ण शहरी पहचान वाला शहर माना जाता है, इसलिए यहां यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए कार्यकर्ता स्तर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। विरोध की घटनाओं के बीच मोहाली में शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर पंजाब के कुछ हिस्सों में यात्रा को लेकर विरोध और राजनीतिक आमने-सामने की स्थिति की खबरें भी सामने आई हैं। भाजपा की ओर से यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा और यातायात प्रबंध की मांग पहले ही की जा चुकी है। ऐसे माहौल में मोहाली भाजपा की कोशिश है कि यात्रा यहां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश प्रमुखता से सामने आए। इसी उद्देश्य से पार्टी संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को यात्रा के स्वागत और कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से सफल बनाने के लिए सक्रिय किया गया है।

 

 

भगवान की शरण में पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष

यात्रा की तैयारियों के बीच संजीव वशिष्ट का मंदिर पहुंचकर 108 ज्योतों की महाआरती करना भी चर्चा का विषय रहा। उन्होंने पूजा-अर्चना के दौरान यात्रा की सफलता के साथ-साथ पंजाब के युवाओं और परिवारों को नशे की समस्या से बचाने की कामना की। भाजपा की ओर से इस अभियान को नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और सामाजिक भागीदारी से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने भी इसे युवाओं और परिवारों को नशे से बचाने के लिए जन-अभियान बनाने की बात कही है। अब सभी की नजरें आज मोहाली में पहुंचने वाली यात्रा पर हैं। भाजपा संगठन की कोशिश है कि मोहाली में इसका पड़ाव व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और प्रभावी तरीके से संपन्न हो तथा नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed