September 24, 2026

Kaithal Tree Scam: धनौरी गांव में घमासान, सरपंच समर्थकों के दावों को 36 बिरादरी ने नकारा, एसपी से की सख्त एक्शन की मांग

0
Kaithal Tree Scam: धनौरी गांव में घमासान, सरपंच समर्थकों के दावों को 36 बिरादरी ने नकारा, एसपी से की सख्त एक्शन की मांग

धनौरी गांव में घमासान, सरपंच समर्थकों के दावों को 36 बिरादरी ने नकारा

Kaithal Tree Scam: कैथल जिले के ऐतिहासिक गांव धनौरी (Dhanouri Sarpanch) में सरकारी जमीन से सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की कटाई और उन्हें अवैध रूप से बेचने (Green Trees Illegal Felling) का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। सरपंच कपिल की गिरफ्तारी के बाद जहां बीते दिनों समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे, वहीं शुक्रवार को मामले में नया मोड़ आ गया। शिकायतकर्ता प्रेम सिंह के समर्थन में 36 बिरादरी के ग्रामीण एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक (Kaithal SP Office ) कार्यालय पहुंचे और सरपंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

ग्रामीणों ने मीडिया से बातचीत में साफ किया कि सरपंच पक्ष द्वारा फैलाया जा रहा यह दावा पूरी तरह बेबुनियाद है कि गांव का कोई व्यक्ति शिकायतकर्ता के साथ नहीं है। ग्रामीणों ने हुंकार भरते हुए कहा कि गांव की 36 बिरादरी सच के साथ खड़ी है और पर्यावरण व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

‘सरपंच को करो बर्खास्त, बाकी दो आरोपी भी जाएं जेल’: ग्रामीणों की हुंकार

एसपी कार्यालय पहुंचे शिकायतकर्ता प्रेम सिंह और उनके साथ आए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। प्रेम सिंह ने कहा कि सरपंच को तुरंत प्रभाव से पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए क्योंकि प्रशासनिक पद पर रहते हुए उन्होंने पदीय गरिमा का उल्लंघन किया है। इसके अलावा उन्होंने मांग की कि पेड़ काटने वाले ठेकेदार और लकड़ी की ढुलाई में शामिल गाड़ी के चालक को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

प्रेम सिंह ने चेतावनी लहजे में कहा कि यदि इस मामले में ढिलाई बरती गई या राजनीतिक दबाव के चलते निष्पक्ष कार्रवाई से भटकाव हुआ, तो वे इस पूरे मामले को जिला कष्ट निवारण समिति (ग्रीवांस कमेटी) की बैठक में मंत्रियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के सामने प्रमुखता से उठाएंगे।

जानिए क्या है धनौरी का पूरा पेड़ कटाई घोटाला

गौरतलब है कि धनौरी गांव (Dhanouri Village) में खेल स्टेडियम और जलघर के पास वर्षों पुराने सैकड़ों छायादार और कीमती हरे पेड़ लगे हुए थे। शिकायत के मुताबिक, इसी साल 1 और 2 मई को सरपंच कपिल ने वन विभाग या संबंधित पंचायती विभाग (Haryana Panchayat Scam) की अनुमति लिए बिना ही राजा राम नामक ठेकेदार को ये पेड़ काटने के लिए दिखाए थे।

इसके बाद 3 से 5 मई के दौरान ठेकेदार और उसके करिंदों ने दर्जनों पेड़ों पर कुल्हाड़ी और कटर चला दिए। आरोप है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को बरटा गांव निवासी कृष्ण सिंह की गाड़ी में लादकर अवैध रूप से ठिकाने लगाया गया। शिकायतकर्ता प्रेम सिंह ने इस पूरी अवैध कटाई और लकड़ी की ढुलाई के वीडियो साक्ष्य के रूप में पुलिस जांच अधिकारियों को सौंपे थे। इन्हीं पक्के सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सरपंच को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से गांव में सियासी और सामाजिक पारा चढ़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें– ऑपरेशन मुस्कान का कमाल, सोनीपत से लापता 3 नाबालिग बच्चियां कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर मिलीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed