Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पहली बार किया प्रतिनिधित्व
Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पहली बार किया प्रतिनिधित्व
Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के शोधार्थियों ने पहली बार लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई), लंदन, यूके में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
अर्थशास्त्र विभाग के पीएच.डी. शोधार्थी अखिलेश मीणा तथा विभाग की पूर्व एम.ए. अर्थशास्त्र विद्यार्थी प्रीति ने 10 व 11 सितंबर, 2026 को एलएसई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता करते हुए अपने शोध प्रस्तुत किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने दोनों शोधकर्ताओं एवं उनके शोध पर्यवेक्षक को बधाई देते हुए कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर हमारे युवा शोधकर्ताओं की सहभागिता विश्वविद्यालय में विकसित हो रही शोध संस्कृति और अकादमिक उत्कृष्टता को दर्शाती है। इस प्रकार की उपलब्धियाँ हमारे शोधार्थियों को वैश्विक प्रासंगिकता वाले गंभीर, नवोन्मेषी और नीति-उन्मुख शोध के लिए प्रेरित करती हैं।
विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने भी शोधकर्ताओं एवं डॉ. रश्मि तंवर को बधाई देते हुए कहा कि महिला नेतृत्व, सुशासन और सतत विकास जैसे समकालीन विषयों पर केंद्रित शोध भारत के साथ-साथ वैश्विक अकादमिक विमर्श के लिए भी महत्वपूर्ण है।
इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मंच हमारे युवा शोधकर्ताओं को विश्वभर के विद्वानों के साथ संवाद करने और अपने अकादमिक कार्य को और आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
पीएच.डी. शोधार्थी अखिलेश मीणा ने विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रश्मि तंवर के सह-लेखन में तैयार शोध-पत्र प्रस्तुत किया तथा प्रीति ने भी अपना शोध-प्रबंध डॉ. रश्मि तंवर के मार्गदर्शन में पूरा किया था। प्रीति ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से अपना शोध प्रस्तुत किया।
अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित कुमार ने भी दोनों शोधकर्ताओं एवं डॉ. रश्मि तंवर को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित अकादमिक मंच पर हमारे शोधकर्ताओं की सहभागिता विभाग की गुणवत्तापूर्ण शोध, अंतर्विषयक दृष्टिकोण और साक्ष्य-आधारित नीति विश्लेषण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
हकेवि की ओर से एलएसई में शोधार्थियों द्वारा पहली बार विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं की अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंचों पर बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है। साथ ही, यह उपलब्धि विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को वैश्विक अकादमिक समुदाय के साथ संवाद तथा अपने शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों को रेखांकित करती है।
यह भी देखें – हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित
