Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस द्वारा एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस द्वारा एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में सेवा संकल्प अभियान—सेवा मेरा योगदान के तहत रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी एड्स से संबंधित सही जानकारी देने के साथ-साथ समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए जागरूक करना है।
एचआईवी एड्स के प्रति सही जानकारी और जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है ताकि समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर किया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
यूथ रेड क्रॉस प्रभारी एवं रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. समृद्धि ने कहा कि एचआईवी एड्स को लेकर समाज में आज भी कई भ्रांतियां हैं। इन्हें दूर करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी छूने, साथ बैठने, हाथ मिलाने या साथ खाना खाने से नहीं फैलता। इसलिए एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे ‘डरें नहीं, जांच करवाएं’ के संदेश को अपनाएं और दूसरों को भी जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता के साथ-साथ संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सहयोग, सम्मान और करुणा का भाव रखना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में यह संदेश पहुंचाने का आह्वान किया कि “भेदभाव नहीं, सहयोग अपनाएं।”
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का प्रयास किया। पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि सही जानकारी अपनाएं, भ्रांतियां दूर भगाएं और एचआईवी एड्स से बचाव के प्रति जागरूक बनें।

इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया, इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों और प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से एचआईवी एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एचआईवी एड्स से बचाव हेतु संक्रमित सुइयों का प्रयोग न करने, रक्तदान से पूर्व रक्त की जांच, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा एचआईवी संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने पोस्टरों में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में खुशबू ने प्रथम, नेहा ने द्वितीय तथा पलक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में सानिया प्रथम, उमंग द्वितीय तथा रूपेश तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर प्रोफेसर जितेंद्र कुमार वशिष्ठ, डॉ. पवित्रा यादव, डॉ. नीतू शर्मा, डॉ. विकास गुप्ता, यूथ रेड क्रॉस समिति के अन्य सदस्य, महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह भी देखें – राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर हुआ पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम
