Nangal Chaudhary : नांगल चौधरी उपमंडल में लंपी बीमारी का प्रकोप, गौ रक्षा दल ने किया 13 गायों का उपचार, प्रशासन से की विशेष मुहिम की मांग
Nangal Chaudhary : (विजय यादव) उपमंडल के गांवों में गायें लंपी बीमारी से पीड़ित होने लगी है। जिससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई, दूसरी तरफ गौ रक्षा दल ने प्रधान सुधीर चौधरी की अगुवाई में गोसेवा अभियान चलाया है।
उन्होंने निजी खर्चे से 13 गायों का सफलता पूर्वक उपचार करवा दिया। किंतु बीमारी फैलने की रफ्तार बढ़ने पर उन्होंने पशुपालन विभाग से सघनता पूर्वक उपचार अभियान शुरू करने की गुहार लगाई है।

गौ रक्षा दल के प्रवक्ता गौतम नंबरदार ने बताया कि नांगल चौधरी उपमंडल की तीन दिशाओं में राजस्थान की सीमा लगती है। इसके चलते क्षेत्र में घुमंतू गायों का आवागमन लगातार बना रहता है। उनके अनुसार पिछले करीब एक माह से क्षेत्र में गायों के शरीर पर गांठें और अन्य लक्षण दिखाई देने के मामले बढ़े हैं।
कई स्थानों पर बीमार गायें खुले में घूमती नजर आ रही हैं, जिससे पशुपालकों में संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। क्योंकि लम्पी रोग मुख्य रूप से मवेशियों में फैलने वाला संक्रामक वायरल रोग है। बीमारी के दौरान पशुओं के शरीर पर गांठें निकलने के साथ बुखार, कमजोरी और भूख कम होने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
बीमारी का प्रसार रोकने के लिए संक्रमित पशुओं की पहचान, उन्हें अलग रखना और समय पर पशु चिकित्सकीय उपचार जरूरी है। सुधीर चौधरी ने कहा कि पशुपालकों को भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु को अन्य पशुओं से अलग रखना चाहिए और बिना देरी किए पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। गौ रक्षा दल ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से क्षेत्र में विशेष पशु चिकित्सा शिविर लगाने, टीकाकरण कराने और बीमार पशुओं के उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह भी देखें – युवाओं के लिए बेहतर मौके उपलब्ध करा रहा माय भारत – एसडीएम उदय सिंह
