September 25, 2026

Karnal News: हर महीने मिल रहे 300-400 टीबी मरीज, करनाल में 107% नोटिफिकेशन के साथ स्वास्थ्य विभाग सतर्क

0
Karnal News: हर महीने मिल रहे 300-400 टीबी मरीज, करनाल में 107% नोटिफिकेशन के साथ स्वास्थ्य विभाग सतर्क

हर महीने मिल रहे 300-400 टीबी मरीज, करनाल में 107% नोटिफिकेशन के साथ स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Karnal News (मुनीश मुंडे): टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर करनाल जिला स्वास्थ्य विभाग (Karnal Health Department News) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। चालू वर्ष 2026 के बीते नौ महीनों (जनवरी से सितंबर) में जिले के भीतर टीबी मरीजों की पहचान और उनके नोटिफिकेशन में तेजी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इस अवधि के दौरान 4247 टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन दर्ज किया है, जो इस अवधि के लिए तय किए गए आधिकारिक लक्ष्य का 107 प्रतिशत है।

बीते दो सालों की तुलना में आंकड़ों का गणित

आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि 2026 में कुल मरीजों की संख्या पिछले वर्षों से कम रही है, लेकिन लक्ष्य हासिल करने का प्रतिशत बेहतर हुआ है। वर्ष 2025 की समान अवधि में 5246 टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन हुआ था जो लक्ष्य का 97 प्रतिशत था, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 4960 दर्ज की गई थी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में जिले में कुल 2954 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिन्हें निक्षय योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं और पोषण सहायता प्रदान की जा रही है।

प्रतिमाह मिल रहे 300 से 400 नए मरीज: डॉ. सिम्मी कपूर

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सिम्मी कपूर (Dr Simmi Kapoor Karnal) ने बताया कि जिले में टीबी के मामलों को शुरुआती स्तर पर पकड़ने के लिए डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग और ओपीडी स्तर पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। यही वजह है कि करनाल में हर महीने औसतन 300 से 400 नए टीबी मरीजों की पहचान हो रही है। समय पर नोटिफिकेशन होने से इन मरीजों का तुरंत इलाज शुरू कर संक्रमण के प्रसार को रोकने में सफलता मिल रही है।

लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच, न करें लापरवाही: डॉ. प्रदीप

टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार (Dr Pradeep Kumar TB Specialist) का कहना है कि लगातार दो हफ्ते से अधिक खांसी आना, बलगम में खून आना, शाम के वक्त बुखार रहना, वजन का तेजी से घटना और भूख न लगना टीबी के प्राथमिक संकेत हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर नि:शुल्क जांच करानी चाहिए। टीबी पूरी तरह से साध्य बीमारी है और डॉक्टर के परामर्श के अनुसार नियमित दवा लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है।

यह भी पढ़ें– Suruchi Phogat Gold: एशियन रिकॉर्ड के साथ झज्जर की बेटी का कमाल! 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत ने जीता गोल्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed