भारतीय टीम ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में रजत पदक जीता
भारत ने शूटिंग में जीता 11वां पदक
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने निशानेबाजी में एक और पदक अपने नाम किया है। महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदार्सा विनोद और आशी चौकसे की भारतीय टीम ने 1763 अंक के साथ रजत पदक जीता। चीन ने शीर्ष स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि कजाखस्तान को कांस्य पदक मिला। यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में कुल 25वां पदक है। शनिवार को भारत के लिए यह दूसरा पदक रहा और दोनों ही रजत पदक हैं। इससे पहले सावन बरवाल ने मैराथन में भारत को रजत पदक दिलाया था।
भारतीय टीम की ओर से तिलोत्तमा सेन पूरे मुकाबले के दौरान नियंत्रण में नजर आईं। उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में बनाए रखा। विदार्सा विनोद ने भी शानदार वापसी की और टीम के स्कोर को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई। आशी चौकसे ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन स्टैंडिंग सीरीज में उनकी लय प्रभावित हुई। इस सीरीज में उन्होंने 93 का स्कोर किया। तीनों खिलाड़ियों के संयुक्त प्रदर्शन से भारत 1763 अंक तक पहुंचा और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक पक्का किया।
व्यक्तिगत फाइनल में भी उतरेंगी तिलोत्तमा और विदार्सा
टीम स्पर्धा के बाद तिलोत्तमा सेन और विदार्सा विनोद के पास व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक जीतने का मौका रहेगा। दोनों खिलाड़ी व्यक्तिगत फाइनल में उतरेंगी। व्यक्तिगत फाइनल भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में निशानेबाजी में भारत की पदक उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
एशियन गेम्स की तीरंदाजी स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत प्रदर्शन किया। पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में धीरज बोम्मदेवरा ने 641 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया और राउंड ऑफ 48 में जगह बनाई। दक्षिण कोरिया के किम जे देओक 636 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। पुरुष रिकर्व टीम क्वालिफिकेशन में भारत तीसरे स्थान पर रहा और राउंड ऑफ 24 के लिए क्वालिफाई किया। महिला कंपाउंड व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तानिपर्थी चिकिता ने 705 अंक बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। वह गेम्स रिकॉर्ड से केवल एक अंक पीछे रहीं। महिला कंपाउंड टीम क्वालिफिकेशन में भारत ने 2099 अंक बनाए। चीन ने भी इतने ही अंक हासिल किए, लेकिन चीन शीर्ष स्थान पर रहा और भारत दूसरे स्थान पर रहा।
एथलेटिक्स में अनिमेष सेमीफाइनल में, तेजस्विन दूसरे स्थान पर
पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में अनिमेष कुजूर ने 21.10 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई और क्वालिफिकेशन में आठवें स्थान पर रहे। 100 मीटर के कांस्य पदक विजेता मल्हाम अल बलूशी को अयोग्य घोषित किया गया है। पुरुष डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर और थौफीक नौशाद भारत की चुनौती पेश कर रहे हैं। दो स्पर्धाओं के बाद तेजस्विन दूसरे और थौफीक चौथे स्थान पर हैं। 100 मीटर में तेजस्विन ने 10.98 सेकंड का समय निकालकर पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि थौफीक 11.02 सेकंड के साथ सातवें स्थान पर रहे। लंबी कूद में तेजस्विन ने 7.53 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। थौफीक ने 7.37 मीटर की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर रहे।
स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को हॉन्गकॉन्ग की ली-तांग जोड़ी ने पहले गेम में 11-10 से हराया। मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच लगातार कड़ा संघर्ष देखने को मिला। टेबल टेनिस में यशस्विनी घोरपड़े का अभियान खत्म हो गया। जापान की विश्व नंबर-3 मीवा हारिमोटो ने उन्हें 1-4 से हराया। अब मनुष शाह भारतीय चुनौती को आगे बढ़ा रहे हैं और एकल तथा युगल स्पर्धाओं में पदक की दौड़ में बने हुए हैं। तलवारबाजी में भारतीय पुरुष साबरे और महिला फॉयल टीम ने राउंड ऑफ 16 में क्रमशः फिलीपींस और इंडोनेशिया को हराया, लेकिन दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में हार गईं। पुरुष साबरे टीम को कोरिया ने 45-25 और महिला फॉयल टीम को जापान ने 45-14 से हराया।
