Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत करियर काउंसलिंग सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को दिए गए सफलता के टिप्स
Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत करियर काउंसलिंग सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को दिए गए सफलता के टिप्स
Mahendragarh : राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा मेरा योगदान’ के तहत विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रोफेसर बीआर यादव, प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव तथा करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की प्रभारी सहायक प्रोफेसर अलका ने किया।
सेमिनार में विद्यार्थियों को सरकारी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे, राज्य सरकार की नौकरियों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पात्रता एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया।

मुख्य वक्ता प्रोफेसर बी.आर. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक सभ्य, जिम्मेदार, संवेदनशील एवं जागरूक नागरिक का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से पहले व्यक्ति के जीवन में अच्छे संस्कार और सही जीवन-मूल्यों का होना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “सपने हमेशा बड़े देखने चाहिए, छोटे नहीं, क्योंकि आसमान में अभी उड़ान बाकी है।”
उन्होंने रेलवे, संघ लोक सेवा आयोग, हरियाणा लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तथा संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने तथा उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने का संदेश दिया। अपने अनुभवों एवं वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर पूरी लगन एवं दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अश्वनी यादव ने किया। उन्होंने प्रेरक उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक पौधा निरंतर देखभाल, समय और मेहनत से धीरे-धीरे एक विशाल वृक्ष का रूप लेता है, उसी प्रकार विद्यार्थी भी निरंतर सीखने, मेहनत करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने से जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त कर सकते हैं।
करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की प्रभारी सहायक प्रोफेसर अलका ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य वक्ता प्रोफेसर बी.आर. यादव, प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से करियर निर्माण के लिए उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शंकर एवं दीपक सैनी का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर प्रोफेसर गगनदीप यादव, प्रोफेसर अंशु यादव, प्रोफेसर विक्रम सिंह, प्रोफेसर अभिषेक, प्रोफेसर अनूप यादव, डॉ. अंजू यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।
यह भी देखें – जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ का प्रदर्शन, चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता की उठाई मांग
