Ambale Building Collapse Update: 2 शवों को लेकर धरने पर बैठे परिजन, जग्गी और राणा की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार
2 शवों को लेकर धरने पर बैठे परिजन, जग्गी और राणा की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार
Ambale Building Collapse Update: अंबाला में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब इंसाफ की लड़ाई तेज हो गई है। जग्गी सिटी सेंटर के पास बन रही अवैध इमारत के जमींदोज होने से जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। (Jaggi Properties Ambala Building Collapse) हादसे में मारे गए रूप सिंह, रामजी दास, राजेंद्र और मलकीत सिंह के परिजनों ने तो भारी मन से पोस्टमॉर्टम के बाद शव ले जाकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन मृतक कालिया राम और लाल बहादुर शास्त्री के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं।
सोमवार दोपहर परिजनों ने नागरिक अस्पताल अंबाला शहर के शवगृह के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजनों का साफ कहना है कि जब तक इमारत बनवा रहे श्रीपाल राणा और जग्गी प्रॉपर्टीज के मालिक हरदीप सिंह जग्गी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे।
‘8 लाख में फैसले का दबाव’, अस्पताल परिसर में हंगामा
अस्पताल परिसर में उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब परिजनों ने आरोप लगाया कि इमारत मालिकों की ओर से एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और 8 लाख रुपये में मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाने लगा। इस बात को लेकर परिजनों का गुस्सा उबल पड़ा और उन्होंने उस व्यक्ति को घेर लिया। कहासुनी के दौरान एक पीड़ित महिला बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ी। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बीच-बचाव किया और उक्त व्यक्ति को अपनी हिरासत में लेकर थाने भिजवाया।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज के सामने परिजनों की गुहार और गंभीर आरोप
दोपहर के वक्त घायलों का हालचाल जानने पहुंचे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को भी पीड़ितों के भारी विरोध और तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। रोते-बिलखते परिजनों ने आरोप लगाया कि मौके पर 10 मजदूरों की मौत हुई थी, लेकिन प्रशासन ने केवल 6 मौतों का आंकड़ा दिखाया है।
परिजनों ने स्थानीय पुलिस और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े करते हुए कहा कि जग्गी प्रॉपर्टीज के प्रभाव के चलते SHO और निगम के अधिकारी अवैध निर्माण पर आंखें मूंदे रहे। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी (SHO) और निगम कमिश्नर को तुरंत निलंबित करने की मांग की। परिजनों की बात सुनने के बाद मंत्री अनिल विज ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए पूरे मामले की विशेष जांच टीम (SIT) से जांच कराने का ऐलान किया।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, बैकफुट पर पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, बलदेव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 110, 289 और 290 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, नामजद आरोपियों और रसूखदार बिल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने को लेकर पुलिस अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और परिजन अस्पताल परिसर में ही डटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी में मानवता शर्मसार, बिजली बोर्ड कॉलोनी में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात
