September 30, 2026

Punjab News : पंजाब ने केंद्र से मांगी 5.5 लाख MT डीएपी और 15 लाख MT यूरिया

0
Punjab News : पंजाब ने केंद्र से मांगी 5.5 लाख MT डीएपी और 15 लाख MT यूरिया

पंजाब ने केंद्र से मांगी 5.5 लाख MT डीएपी और 15 लाख MT यूरिया

Punjab News : नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में आयोजित रबी राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-2026 के दौरान पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने केंद्र सरकार के समक्ष राज्य के किसानों का पक्ष प्रमुखता से रखा। खुड्डियां ने आगामी रबी सीजन में गेहूं और आलू की बुवाई के लिए 5.5 लाख मीट्रिक टन डीएपी (DAP) और 15 लाख मीट्रिक टन यूरिया की निर्बाध और समयबद्ध आपूर्ति की जोरदार वकालत की।

देश के अन्न भंडार में पंजाब का योगदान सबसे अहम

राष्ट्रीय सम्मेलन में आंकड़ों के साथ बात रखते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि पंजाब का कुल कृषि योग्य रकबा 41 लाख हेक्टेयर है। राज्य देश के केंद्रीय खाद्य पूल में अकेले 40 प्रतिशत गेहूं और 22 प्रतिशत धान का योगदान देकर देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करता है। बीते वर्षों में ऐन बुवाई के समय खाद आपूर्ति बाधित होने से किसानों को संकट झेलना पड़ा था, इसलिए इस बार केंद्र को समय रहते आवंटन सुनिश्चित करना होगा।

कपास, तिलहन और दलहन पर पंजाब का बढ़ता फोकस

पंजाब सरकार राज्य में पारंपरिक फसल चक्र से हटकर फसलों के विविधीकरण पर गंभीरता से काम कर रही है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रदेश में 80 हजार हेक्टेयर रकबा कपास के अधीन है, जहां सरकार ने कपास के बीज पर 33 प्रतिशत सब्सिडी देकर किसानों को 4 करोड़ रुपये का सीधा लाभ पहुंचाया है। इसके साथ ही तिलहन और दलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को 6 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

पराली प्रबंधन में 90 फीसदी सफलता, 150 करोड़ रुपये की किस्त तुरंत मिले

कृषि मंत्री खुड्डियां ने दावा किया कि पंजाब में पराली प्रबंधन के आधुनिक तरीकों से फसल अवशेष जलाने की समस्या का 90 प्रतिशत समाधान कर लिया गया है। इस उपलब्धि को 100 प्रतिशत तक ले जाने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार से पराली प्रबंधन की 150 करोड़ रुपये की अगली बकाया किस्त तत्काल जारी करने का आग्रह किया। इस राशि से किसानों को मशीनरी पर सब्सिडी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

केंद्रीय सब्सिडी और कृषि उन्नति योजना की राशि पर जताया आभार

पंजाब के कृषि मंत्री ने गेहूं के प्रमाणित बीज पर किसानों को 2,000 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देने हेतु 2.50 लाख मीट्रिक टन बीज के लिए 50 करोड़ रुपये जारी करने पर केंद्रीय कृषि मंत्री का धन्यवाद किया।

साथ ही कृषि उन्नति योजना के तहत राज्य को मिली दूसरी किस्त के 43 करोड़ रुपये का स्वागत किया। सम्मेलन में पंजाब कृषि विभाग के निदेशक गुरजीत सिंह बराड़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Punjab Chandigarh Weather Update : पंजाब और चंडीगढ़ में गुलाबी ठंड की आहट, 5 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed