September 30, 2026

नीला ड्रम हत्याकांड: मुस्कान और साहिल पर आज आ सकता है कोर्ट का फैसला, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी होने की संभावना

0
नीला ड्रम हत्याकांड: मुस्कान और साहिल पर आज आ सकता है कोर्ट का फैसला, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी होने की संभावना

मरेठ नीला ड्रम हत्याकांड के दोनों आरोपी और मृतक की फाइल फोटो

Blue Drum Murder Case: मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को जिला न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत फैसला सुना सकती है। मामले में अभियोजन पक्ष की सभी गवाहियां पूरी हो चुकी हैं और अब अदालत के फैसले का इंतजार है। फैसले को लेकर कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी और डीजीसी फौजदारी केके चौबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से सभी गवाहियां पूरी कर ली गई हैं। अभियोजन ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला अदालत साक्ष्यों और कानून के आधार पर करेगी।

 

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हो सकती है दोनों आरोपियों की पेशी

मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज ने बुधवार सुबह बताया कि दोनों आरोपियों की पेशी इस बार भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कराए जाने की संभावना है। अदालत में पेशी को लेकर जेल प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है। जेल अधीक्षक के अनुसार, दोनों आरोपियों के व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा है। साहिल पिछले करीब चार दिन से खामोश और गुमसुम है तथा किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी पिछले तीन दिन से अपना अधिक समय पूजा में बिता रहे हैं।

हत्याकांड के फैसले को देखते हुए मेरठ कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नगर पुलिस अधीक्षक विनायक भोसले ने बताया कि कचहरी परिसर और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले को लेकर पहले भी अदालत में पेशी के दौरान तनाव की स्थिति बन चुकी है। ऐसे में फैसले के दिन किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।

 

 

तीन मार्च 2025 को हुई थी सौरभ की हत्या

पुलिस के अनुसार, तीन मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि मुस्कान ने अपने पति सौरभ को कथित तौर पर मादक पदार्थ देकर बेहोश किया और फिर साहिल की मदद से चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और उन्हें एक नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया। इसी वजह से यह मामला नीला ड्रम हत्याकांड के नाम से चर्चित हुआ। घटना सामने आने के बाद इलाके में काफी आक्रोश फैल गया था।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश चले गए थे। पुलिस ने दोनों को 18-19 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद जब 19 मार्च को दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, तब आक्रोशित वकीलों ने साहिल की पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद से मामले की सुनवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है। अब अभियोजन पक्ष की गवाहियां पूरी होने के बाद अदालत में फैसले की संभावना है। अदालत का निर्णय साक्ष्यों और कानून के आधार पर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed