September 30, 2026

Karnal Anaj Mandi Suicide: करनाल अनाज मंडी सचिव के ड्राइवर ने रिकॉर्ड रूम में लगाया फंदा, पत्नी ने सचिव पर जड़ा प्रताड़ना का आरोप

0
Karnal Anaj Mandi Suicide: करनाल अनाज मंडी सचिव के ड्राइवर ने रिकॉर्ड रूम में लगाया फंदा, पत्नी ने सचिव पर जड़ा प्रताड़ना का आरोप

करनाल अनाज मंडी सचिव के ड्राइवर ने रिकॉर्ड रूम में लगाया फंदा, पत्नी ने सचिव पर जड़ा प्रताड़ना का आरोप

Karnal Anaj Mandi Suicide: हरियाणा के करनाल में नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय के भीतर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पिछले 25-27 वर्षों से सेवाएं दे रहे 50 वर्षीय ड्राइवर रोहताश शर्मा ने संदिग्ध परिस्थितियों में कार्यालय के बेसमेंट स्थित रिकॉर्ड रूम में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बुधवार को उनका शव मिलने के बाद मंडी परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान चौचड़ा गांव निवासी रोहताश शर्मा के रूप में हुई है, जो हाल के दिनों में अपने परिवार के साथ मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में रह रहे थे। घटना के बाद बदहवास परिजनों ने मंडी सचिव विकास सेतिया पर रोहताश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जबरन डबल ड्यूटी कराने का सीधा आरोप लगाया है।

मंगलवार से बंद आ रहा था फोन, लोकेशन ट्रेस कर पहुंचे परिजन

सिटी थाना के जांच अधिकारी हिम्मत सिंह के अनुसार, मंगलवार दोपहर से ही रोहताश का अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया था। परिजन लगातार उनके मोबाइल पर कॉल कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। (Rohtash Sharma Driver Death Karnal) अनहोनी की आशंका के चलते बुधवार को परिजनों ने उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन निकलवाई, जो मार्केट कमेटी कार्यालय की आई।

लोकेशन के आधार पर परिजन तलाशते हुए जब नई अनाज मंडी स्थित कार्यालय पहुंचे, तो बेसमेंट में बने रिकॉर्ड रूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजे को खुलवाकर जब देखा गया, तो अंदर रोहताश का शव फंदे पर झूल रहा था। दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

“बीमारी में भी कराई जाती थी डबल ड्यूटी, 2 दिन पहले हुआ था विवाद”—पत्नी

रोहताश की पत्नी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि उनके पति शुगर के मरीज थे, लेकिन इसके बावजूद मंडी सचिव द्वारा उन्हें लगातार परेशान किया जाता था। (New Grain Market Karnal Incident) नीतू ने बताया, “उन्हें कभी भी, कहीं भी ड्यूटी पर भेज दिया जाता था और लगातार ओवरटाइम व डबल ड्यूटी करने के लिए मजबूर किया जाता था। दो दिन पहले भी ड्यूटी को लेकर सचिव के साथ उनकी कहासुनी हुई थी।”

मृतक के साले मुकेश ने भी पत्नी के आरोपों का समर्थन करते हुए दावा किया कि दो दिन पहले ही उनकी रोहताश से बात हुई थी, तब उन्होंने अपनी बेबसी और मंडी सचिव के रवैये का जिक्र किया था। मुकेश का आरोप है कि केवल रोहताश ही नहीं, बल्कि पूरा स्टाफ सचिव की प्रताड़ना से आजिज आ चुका है।

एफएसएल टीम ने जुटाए सुराग, जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद पाए जाने के कारण शुरुआती मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि बेसमेंट में कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस व फोरेंसिक टीमों ने मुआयना किया है। (Karnal Police FSL Investigation) शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और लिखित शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed