October 1, 2026

Mahendragarh : महेंद्रगढ़ जिले में आज से शुरू हुई बाजरे की सरकारी खरीद, प्रशासन तैयार

0
Mahendragarh : महेंद्रगढ़ जिले में आज से शुरू हुई बाजरे की सरकारी खरीद, प्रशासन तैयार

प्रतीकात्मक फोटो

Mahendragarh : जिले में खरीफ सीजन 2026-27 के तहत आज से बाजरे की सरकारी खरीद का औपचारिक आगाज हो चुका है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कुल छह प्रमुख अनाज मंडियों को खरीद केंद्र के रूप में निर्धारित किया है।

इनमें नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, नांगल चौधरी और सतनाली अनाज मंडी शामिल हैं। सरकार की ओर से इस बार बाजरे का कुल निर्धारित भाव 2900 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन सीधे तौर पर किसानों से बाजरे की खरीद करेंगे। तय व्यवस्था के तहत मंडी में किसानों से फसल की खरीद 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी, जबकि शेष 600 रुपये प्रति क्विंटल की राशि राज्य सरकार की भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से किसानों के खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।

किसानों के लिए साफ और सूखा बाजरा लाना अनिवार्य

खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों ने किसानों से विशेष अपील की है। मार्केट कमेटी सचिव नुकुल यादव ने बताया कि 1 अक्टूबर से शुरू हुई इस सरकारी खरीद के लिए मंडियों में सभी आवश्यक प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं।

अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मंडियों में अपनी फसल बेचने आने से पहले बाजरे को अच्छी तरह साफ कर लें और उसे पूरी तरह सुखा लें। नमीयुक्त या अशुद्ध फसल लाने से खरीद प्रक्रिया में बाधा आ सकती है।

किसानों से आग्रह किया गया है कि वे नियमों का पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता का साफ और सूखा बाजरा ही लेकर आएं, ताकि उन्हें अपनी उपज का सही और पूरा मूल्य बिना किसी बाधा के मिल सके।

यह भी देखें – रहस्यमयी हालात में मिला लापता युवक का शव, दो दिन से घर से था गायब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed