Palwal Highway Car Stunt: पलवल में नेशनल हाईवे पर गाड़ियों से लटककर स्टंट! पुलिस ने स्कॉर्पियो और बलेनो को किया सीज
पलवल में नेशनल हाईवे पर गाड़ियों से लटककर स्टंट! पुलिस ने स्कॉर्पियो और बलेनो को किया सीज
Palwal Highway Car Stunt: हरियाणा के पलवल जिले से दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर हुड़दंग और जानलेवा स्टंटबाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गदपुरी थाना क्षेत्र (Gadpuri Police Station Palwal) के तहत गांव बघोला के पास चलती स्कॉर्पियो और बलेनो कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर युवकों द्वारा स्टंट करने और पर्चे उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (Palwal Crime News)
पीछे चल रहे एक अन्य वाहन चालक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो के सामने आते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया और स्टंट में इस्तेमाल दोनों लग्जरी गाड़ियों को इंपाउंड कर दिया।
दोस्त की चुनावी जीत का मना रहे थे जश्न, लॉ के छात्र निकले हुड़दंगी
बघोला चौकी प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो (Palwal Car Stunt Viral Video) का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जब गाड़ियों के नंबरों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। स्टंट करने वाले ज्यादातर युवक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं और इनमें से कई एलएलबी के छात्र हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पृथला गांव का रहने वाला उनका एक दोस्त हाल ही में किसी स्थानीय चुनाव में जीत दर्ज कर चुका था। 29 सितंबर की शाम ये सभी छात्र अपने उसी दोस्त के घर जीत का जश्न मनाने जा रहे थे। इसी खुशी में वे नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करने लगे।
तीनों युवकों ने मांगी माफी, पुलिस ने गाड़ियां जब्त कर दी सख्त हिदायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पलवल के मोहन नगर, हुड्डा सेक्टर-2 और पृथला निवासी तीन युवकों को राउंडअप कर पुलिस चौकी बुलाया। पुलिस की सख्ती के आगे युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित में माफी मांगी और भविष्य में कभी भी इस तरह की खतरनाक हरकत न दोहराने का हलफनामा दिया। युवकों के छात्र होने और उनके भविष्य को देखते हुए पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन स्टंट में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो और बलेनो कार को तुरंत प्रभाव से इंपाउंड कर लिया गया।
हाईवे पर लापरवाही से बढ़ रहा हादसों का खतरा
चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नेशनल हाईवे पर इस तरह की लापरवाही और रीलबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चलती गाड़ी की खिड़कियों से बाहर लटकने और पर्चे उड़ाने से न केवल स्टंट करने वालों की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि पीछे चल रहे दूसरे बेकसूर वाहन चालकों का ध्यान भटकने से बड़े सड़क हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। पलवल पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि हाईवे पर कोई भी इस तरह का हुड़दंग करता दिखता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
यह भी पढ़ें– Haryana Milk Strike: हरियाणा में दूध की सप्लाई बंद! 100 रुपये प्रति लीटर की मांग पर अड़े किसान
