Narnaul : नारनौल के आरसेटी संस्थान में स्वच्छता पखवाड़े के तहत चला अभियान, 5 अक्टूबर से शुरू होगा 12 दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण
Narnaul : नारनौल के आरसेटी संस्थान में स्वच्छता पखवाड़े के तहत चला अभियान, 5 अक्टूबर से शुरू होगा 12 दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण
Narnaul : हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नसीबपुर में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य जिला अग्रणी प्रबंधक जे.पी. यादव, डीडीएम नाबार्ड अतीश तोमर और कृष्ण कुमार यादव ने शिरकत की। इस अवसर पर संस्थान की ओर से घोषणा की गई कि 5 अक्टूबर से 12 दिवसीय डेयरी उद्योग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
जिला अग्रणी प्रबंधक जे.पी. यादव ने कहा कि स्वच्छता रखना प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होगा, तभी परिवार, गांव, तहसील, जिला और राज्य से होते हुए पूरा देश स्वच्छ बन सकेगा।
उन्होंने आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि स्वच्छ भारत की अलख जगाने में पूरा समाज जिम्मेदारी के साथ जुटेगा, तभी सही मायनों में भारत विकसित राष्ट्र बन पाएगा।
डीडीएम नाबार्ड अतीश तोमर ने कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान देने की अपील की। उनके अनुसार स्वच्छ वातावरण न केवल बीमारियों से बचाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक माहौल भी बनाता है।
संस्थान के निदेशक ने बताया कि 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशिक्षण में आधुनिक डेयरी फार्मिंग, पशु प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज डेयरी व्यवसाय केवल पशुपालन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सही जानकारी, आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन से इसे सफल व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है। प्रशिक्षण में दुधारू पशुओं की नस्ल एवं चयन, उचित देखभाल, संतुलित आहार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीके, पशु स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, डेयरी फार्म की देखरेख और आधुनिक डेयरी प्रबंधन जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी।
निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं और पशुपालकों को पारंपरिक पशुपालन के साथ आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है, ताकि वे आय के साधन मजबूत कर सकें और रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनें।
डेयरी क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवा, पशुपालक, किसान और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोग इसमें भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण एवं प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी फोन नंबर 01282-260199 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह भी देखें – नारनौल के राजकीय महिला आईटीआई में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन, उद्यम शुरू करने पर मिल रही 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी
