Nangal Chaudhary : राजस्व विभाग की फसल तस्दीक की धीमी रफ्तार में अटके टोकन, मार्केट कमेटी कार्यालय में तीन घंटे इंतजार करके वापस लौटे किसान
प्रतीकात्मक फोटो
Nangal Chaudhary : (विजय यादव) सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित अनाज मंडी में बुधवार से बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होनी थी, लेकिन फसल तस्दीक की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण खरीद का काम शुरू नहीं हो सका।
मार्केट कमेटी के पोर्टल पर टोकन रिलीज नहीं होने से बाजरा लेकर मंडी पहुंचे किसानों को करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। विभाग की ओर से खरीद शुरू होने को लेकर सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर किसान अपनी उपज वापस लेकर लौट गए।
आपको बता दें कि सरकार ने बाजरे का समर्थन मुल्य 2900 रुपए प्रति क्विंटन निर्धारित किया है, जिसमें 2300 रुपए खरीद एजेंसी की मार्फत मिलेंगे, इसके बाद किसानों को पोर्टल पर जे-फार्म अपलोड करना होगा जिसके आधार पर किसानों को 600 रुपए प्रति क्विंटन के हिसाब से बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा।
विभागीय सूचना के अनुसार सुबह 9 बजे 14-15 किसान मंडी के गेट पर बाजरा लेकर पहुंचे, जिन्होंने मार्केट कमेटी के कर्मचारियों से औपचरिताएं पूरी करके टोकन देने को कहा। लेकिन पंजीकरण संख्या डालते ही पोर्टल ने फसल तस्दीक नहीं होने की सूचना दी।
12 बजे तक किसान पोर्टल के अपडेट होने का इंतजार करते रहे, इसके बाद बैरंग घर लौट गए। देर शाम तक किसानों का आढतियों के पास आवागमन बना रहा, किंतु सकारात्मक जबाब नहीं मिलने पर चिंतित दिखाई दिए।
किसान रणजीत, विकास कुमार और सरदार सिंह ने बताया कि बाजरा मंडी तक लाने के लिए लोडिंग और वाहन किराए पर करीब 1500 से 2000 रुपए खर्च हो चुके हैं। मंडी में खरीद नहीं होने से अब उपज वापस ले जाने और दोबारा मंडी लाने पर अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने मांग की कि फसल तस्दीक की प्रक्रिया जल्द पूरी कर पोर्टल पर टोकन जारी किए जाएं, ताकि निर्धारित समय पर बाजरे की खरीद शुरू हो सके।

अटल कैंटीन का निरीक्षण, स्वच्छता के दिए निर्देश
नांगल चौधरी के एसडीएम उदय सिंह ने अनाज मंडी का निरीक्षण करके तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मार्केट कमेटी के चेयरमैन रमाकांत शर्मा व सचिव आदित्य यादव के साथ अटल कैंटीन का निरीक्षण किया।
रसोई घर की स्वच्छता तथा भोजन व्यवस्था जांची, कर्मचारियों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन परोसने की हिदायत दी। उन्होंने कैंटीन को किसानों की सुविधानुसार चलाने के निर्देश दिए हैं।
फसलों की गिरदावरी नहीं होने से अटकी खरीद प्रक्रिया
मार्केट कमेटी के सचिव आदित्य यादव ने बताया कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुबह कुछ किसान बाजरा लेकर मंडी गेट पर पहुंचे थे। लेकिन फसल गिरदावरी नहीं होने के कारण टोकन रिलीज नहीं हो पाए, जिस कारण किसानों को वापस लौटना पड़ा है।
राजस्व विभाग से संपर्क करने पर उन्होंने सोमवार तक फसल वैरीफाई करने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि मंडी में खरीद संबंधी सभी तैयारियां पूरी हैं।
यह भी देखें – दौंखेरा पहाड़ पर बिना अनुमति खनन और हरे पौधों को उजाड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
