October 3, 2026

Ambala Crime News: अंबाला में राहगीर को बचाने उतरे SHO पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

0
Ambala Crime News: अंबाला में राहगीर को बचाने उतरे SHO पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

अंबाला में राहगीर को बचाने उतरे SHO पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Ambala Crime News: हरियाणा के अंबाला जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नग्गल थाने के प्रभारी (SHO) सुरेश कुमार पर शुक्रवार देर रात 4-5 अज्ञात युवकों ने चाकू, लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। अपनी निजी कार से कमरे पर लौट रहे थाना प्रभारी ने जब सड़क किनारे एक लाचार युवक की बेरहमी से हो रही पिटाई देखी, तो वे फर्ज निभाते हुए बीच-बचाव करने उतर पड़े। हालांकि, बेखौफ बदमाशों ने उस युवक को छोड़ एसएचओ को ही घेर लिया और उन पर टूट पड़े।

हमले में एसएचओ सुरेश कुमार की वर्दी फाड़ दी गई और उनकी गर्दन, सिर, कलाई व अंगूठे पर गंभीर वार किए गए। लहूलुहान होकर वे सड़क पर ही गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। राहगीरों और सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने घायल थाना प्रभारी को आनन-फानन में अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ जीएमएचसी (GMCH) रेफर कर दिया है।

गर्दन पर आए 5 टांके, सीटी स्कैन रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि

अंबाला सिटी सिविल अस्पताल की डॉक्टर आकांक्षा के अनुसार, एसएचओ सुरेश कुमार को रात करीब 10 बजे अस्पताल लाया गया था। उनके शरीर पर धारदार हथियार और भारी वस्तु से किए गए हमले के कई निशान हैं। उनकी गर्दन के बाईं तरफ चाकू का गहरा घाव है, जिस पर 5 से 6 टांके लगाने पड़े हैं। इसके अलावा सिर पर पत्थर या ईंट से वार के निशान हैं, वहीं बाजू और अंगूठे पर भी गहरे जख्म आए हैं।

डॉक्टरों ने बताया कि सीटी स्कैन रिपोर्ट में गर्दन की चोट वाली जगह पर ‘गैस ट्रैप’ होने के संकेत मिले हैं, जो खून की धमनियों (ब्लड वेसल्स) के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसी वजह से उन्हें तुरंत बेहतर न्यूरो और वैस्कुलर ट्रीटमेंट के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पूर्व मंत्री असीम गोयल, डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप सिंह राणा ने अस्पताल पहुंचकर घायल एसएचओ का हाल-चाल जाना।

पुलिस कमिश्नरेट की कई टीमें दबिश में जुटीं, डीएसपी बोले- ‘हमें अपने अधिकारी पर गर्व’

अंबाला पुलिस ने घटना स्थल के आसपास और मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए सीआईए (CIA) समेत कई विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार ने कहा कि पुलिस टीम मुस्तैदी से जांच में जुटी है। उन्होंने कहा, “हमें अपने थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर गर्व है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक आम नागरिक की जान बचाने का काम किया। पुलिस महकमा उनके साथ मजबूती से खड़ा है और हमलावरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।”

यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: अक्टूबर में भी गर्मी का सितम, कुरुक्षेत्र में साफ हुआ आसमान, महेंद्रगढ़ में पारा 38 डिग्री के करीब पहुंचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed