October 4, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में सोम नदी में स्टंट पड़ा भारी, दलदल में फंसी थार, लड़की के साथ जैसे-तैसे बचाई जान

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में सोम नदी में स्टंट पड़ा भारी, दलदल में फंसी थार, लड़की के साथ जैसे-तैसे बचाई जान

यमुनानगर में सोम नदी में स्टंट पड़ा भारी, दलदल में फंसी थार, लड़की के साथ जैसे-तैसे बचाई जान

Yamunanagar News: सोशल मीडिया पर रील्स और स्टंटबाजी का खुमार आजकल युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन कभी-कभी यह शौक जानलेवा साबित हो सकता है। (Som River Yamunanagar) ताजा मामला यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र से सामने आया है, जहां दादूपुर हेड के पास सोम नदी के पानी में स्टंट दिखाने आए एक युवक की थार गाड़ी दलदल में धंस गई। गनीमत यह रही कि थार के पानी और कीचड़ में समाने से पहले ही गाड़ी में सवार युवक और उसकी महिला मित्र सुरक्षित बाहर निकल आए।

पानी में दौड़ाई स्पीड, दलदल में जाकर थमे पहिए

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। चंडीगढ़ नंबर की ऑफ-रोडिंग थार लेकर छछरौली का रहने वाला एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ दादूपुर हेड स्थित सोम नदी के पास पहुंचा था। नदी में पानी कम देखकर युवक ने गाड़ी को तेज रफ्तार में पानी के बीच उतार दिया। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि शुरुआती कुछ मीटर तक तो गाड़ी पानी में आसानी से आगे बढ़ी, लेकिन जैसे ही वह बीच धारा में पहुंची, सूखी दिखने वाली रेतीली जमीन के नीचे छिपा दलदल सामने आ गया। देखते ही देखते थार के चारों पहिए मिट्टी में फंस गए।

आगे-पीछे करने में और धंसती गई गाड़ी, फेल हुई जेसीबी

गाड़ी फंसते ही चालक ने घबराहट में रेस बढ़ाकर थार को आगे-पीछे निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन इस फेर में गाड़ी निकलने के बजाय और गहरी धंसती चली गई। (Dadupur Head Yamunanagar) आखिरकार दोनों ने जैसे-तैसे खिड़की खोलकर बाहर छलांग लगाई और शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। इसके बाद मौके पर भारी भरकम जेसीबी मशीन बुलाई गई। रस्सा बांधकर जब जेसीबी ने खिंचाई शुरू की तो थार टस से मस नहीं हुई, बल्कि उलटे दलदल में जेसीबी के अपने पहिए भी धंसने लगे।

ट्रैक्टर और ग्रामीणों की मदद से 5 घंटे बाद निकली थार

जेसीबी के बेबस होने पर पास के गांव से एक भारी ट्रैक्टर बुलवाया गया। ट्रैक्टर के साथ-साथ दर्जनों ग्रामीणों ने भी मोर्चा संभाला। लोगों ने रस्से को पकड़ा और थार के टायरों को नीचे से उठाकर जोर लगाया, तब जाकर करीब पांच घंटे की अथाक मशक्कत के बाद गाड़ी को दलदल से बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में बारिश होने पर सोम नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ जाता है। अगर उस समय नदी में जलस्तर बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

उधर, मामला संज्ञान में आने के बाद छछरौली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। नदी और सार्वजनिक स्थलों पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में अक्टूबर में भी गर्मी का प्रकोप, 3 दिन सूखा रहने के बाद इस दिन हो सकती है बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed