Karnal Crime News: करनाल में रिश्तों का कत्ल, मामा ने 3 दिनों तक भांजी को बंधक बना किया यौन शोषण
करनाल में रिश्तों का कत्ल, मामा ने 3 दिनों तक भांजी को बंधक बना किया यौन शोषण
Karnal Crime News: हरियाणा के करनाल जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। नीलोखेड़ी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने अपने सगे मामा पर बंधक बनाकर लगातार कई दिनों तक शारीरिक शोषण करने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि बीते 1 अक्टूबर को उसके मामा ने हवस का शिकार बनाते हुए उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर 3 अक्टूबर तक लगातार अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके सारे कपड़े उतारकर उसे बेरहमी से पीटा और किसी को भी बताने पर जान से मारने की सीधी धमकी दी।
बुटाना थाने में मामला दर्ज, एसआई रोजी को सौंपी गई जांच
लगातार तीन दिनों तक चले इस खौफनाक मंजर से किसी तरह उबरने के बाद पीड़िता ने अपने परिवार को आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता परिजन के साथ थाने पहुंची और आरोपी मामा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। रिश्ते को कलंकित करने वाले इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया।
मामले की जांच बुटाना थाने की उप-निरीक्षक (SI) रोजी को सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– अंबाला में जरा सी बात पर खूनी संघर्ष, ढाबे पर कुर्सी गिरी तो 8 लोगों ने लाठी-रॉड से पीटा
