AAP election campaign Punjab 2027 : लुधियाना से आम आदमी पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, सीएम मान ने लॉन्च किया कैंपेन
लुधियाना से आम आदमी पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, सीएम मान ने लॉन्च किया कैंपेन
AAP election campaign Punjab 2027 : पंजाब की सियासत में आने वाले विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट अब पूरी तरह से तेज हो चुकी है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) ने लुधियाना की धरती से अपने चुनावी कैंपेन का शंखनाद कर दिया है।
पक्खोवाल रोड पर बने इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी का चुनावी पैम्फलेट जनता के सामने रखा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल का हिसाब देते हुए दावा किया कि सरकार ने जनता से जितनी भी गारंटियां की थीं, जमीन पर उससे कहीं ज्यादा काम करके दिखाया है।
सड़क सुरक्षा फोर्स और नशामुख पर विपक्ष को घेरा
अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए सीएम मान ने कहा कि सड़क सुरक्षा योजना के तहत बनाई गई रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) ने राज्य में हर साल औसतन 2,700 लोगों कीमती जिंदगियां बचाई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस अनूठी योजना की तारीफ खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कर चुके हैं।
पूर्व की सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अकाली दल-भाजपा शासनकाल और कैप्टन अमरिंदर सिंह के दौर में पंजाब में नशे की समस्या बेलगाम हुई थी। आज वही लोग नशा विरोधी यात्राएं निकालकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
सिसोदिया का तंज, बोले- भगवंत मान पर है ईश्वर की कृपा
कार्यक्रम में विशेष तौर पर मौजूद रहे आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने आम आदमी पार्टी की सरकार को गिराने और उनके विकास कार्यों को ब्रेक लगाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का खुलकर दुरुपयोग किया। हालांकि, उन्होंने शेरो-शायरी और सियासी अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पर ऊपर वाले (रब) का हाथ है, इसलिए लाख कोशिशों के बावजूद विरोधी उनका बाल भी बांका नहीं कर सके।
25 हजार से ज्यादा बूथों तक उतरेगी फौज
चुनिंदा रणनीतियों के तहत इस बार पार्टी ने मैदानी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने जानकारी दी कि पंजाब के कुल 25,332 बूथों को साधने के लिए 2,68,553 बूथ कमेटी के सदस्यों की फौज तैयार की गई है। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और जनहित योजनाओं का कच्चा-चिट्ठा जनता के सामने रखेंगे। इस एक महीने लंबे चलने वाले अभियान की शुरुआत खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान आगामी 20 सितंबर को अपनी विधानसभा सीट धूरी से घर-घर जाकर करेंगे।
