Ambala News: अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप बने सुलभ शौचालय में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शौचालय के अंदर युवक का शव मुंह के बल पड़ा हुआ था। सफाई कर्मचारी की सूचना के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जेब से मिले मोबाइल फोन की मदद से परिजनों से संपर्क साधा। मृतक की शिनाख्त पंजाब के पटियाला जिले स्थित बलबेड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय गुरमीत वर्मा के तौर पर हुई है।
काम की तलाश में महाराष्ट्र जा रहा था युवक
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता भारत वर्मा और उसका बड़ा भाई तुरंत अंबाला कैंट जीआरपी थाने पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि गुरमीत पेशे से हार्वेस्टर मशीन चलाने का काम करता था। इसी काम के सिलसिले में वह 14 अक्टूबर को अपने गांव से महाराष्ट्र जाने के लिए निकला था और ट्रेन पकड़ने अंबाला कैंट स्टेशन पहुंचा था। लेकिन अगले ही दिन उसका बेजान शरीर स्टेशन के शौचालय से बरामद हुआ।
कर्मचारी ने दी पुलिस को सूचना, BNSS 194 के तहत कार्रवाई
मामले का खुलासा तब हुआ जब सुलभ शौचालय में तैनात कर्मचारी अमन मौर्य की नजर टॉयलेट के अंदर पड़े युवक पर पड़ी। उसने बिना देरी किए तुरंत जीआरपी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, मौके के निरीक्षण, शव की स्थिति, रेलवे मेमो और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की जान किसी अचानक आई बीमारी या प्राकृतिक कारणों से गई है।
पुलिस ने शव का अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे वारिसों के हवाले कर दिया है। फिलहाल जीआरपी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत इत्तलाया रिपोर्ट दर्ज कर आगामी जांच जारी रखी है।
यह भी पढ़ें– रोहतक में NCB की बड़ी कार्रवाई, रैनकपुरा खोखराकोट से हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

