Ateli Mandi News: अटेली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पेश आ रही समस्याओं और सुरक्षा के मुद्दों को लेकर दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए मंडल रेल प्रबंधक (उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर मंडल) के नाम एक ज्ञापन भेजा है।
संघ ने स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, अंडरपास में रोशनी, स्वच्छ पेयजल, एमएसटी बनवाने में आ रही अड़चनों को दूर करने और रात के वक्त सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की जोरदार मांग की है।
यह ज्ञापन संघ के स्थानीय समन्वय प्रतिनिधि हेमगिरी शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान भीम कुमार, सुभाष, लीलू सिंह, संदीप, नरेश चौहान, दिलीप कुमार और अशोक कुमार शर्मा सहित कई स्थानीय रेल यात्री व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
ज्ञापन में मुख्य रूप से यह मुद्दा उठाया गया कि गाड़ी संख्या 20473 (चेतक एक्सप्रेस) जब अटेली स्टेशन पर रुकती है, तो उसकी पीछे की दो जनरल बोगियां प्लेटफॉर्म नंबर-2 से बाहर निकल जाती हैं।
इस वजह से यात्रियों को डिब्बों से उतरने और चढ़ने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संघ ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए या तो प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने या फिर ट्रेन के ठहराव की स्थिति में जरूरी बदलाव करने की मांग की है।
इसके अलावा, प्लेटफॉर्म नंबर-2 और डीएफसी (Dedicated Freight Corridor) लाइन के पास बने अंडरपास में पर्याप्त लाइटें लगाने तथा उनके नियमित रखरखाव पर जोर दिया गया है, ताकि रात के समय आवाजाही सुरक्षित हो सके। संघ ने यह भी शिकायत की है कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बने वाटर बूथ से खारा पानी आ रहा है, जिसकी तुरंत जांच कराकर यात्रियों को पीने योग्य स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
दैनिक यात्रियों को मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) बनवाने में हो रही कथित आनाकानी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया है। संघ ने मांग की है कि सभी पात्र यात्रियों को नियमों के तहत आसानी से एमएसटी जारी की जाए।
साथ ही, रात के समय रेलवे परिसर में शराबियों और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) या जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) की नियमित ड्यूटी और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
संघ के अध्यक्ष एवं संस्थापक गणेश शर्मा ‘रेलमित्र’ ने कहा कि अटेली स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार आज इस क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है।
यात्रियों को सुरक्षित आवागमन, स्वच्छ पेयजल और सुगम यात्रा सुलभ कराना रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ स्थानीय यात्रियों की इन सभी समस्याओं को लगातार अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा और जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई है।
यह भी देखें – प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सख्ती, स्टोन क्रशर इकाइयों को 1 नवंबर तक उपकरण लगाने का अल्टीमेटम, नियम तोड़ने पर बंद होगा संचालन

