Ateli Mandi News: राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति स्कूल सिलारपुर में पिछले 10 दिनों से पीने के पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। इसके चलते मासूम बच्चों को अपने घर से बोतलों में पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जबकि कई विद्यार्थियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
हैरानी की बात यह है कि शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल से पानी के सैंपल मांगे गए हैं, जिनकी अंतिम तिथि 27 अक्टूबर तय की गई थी। लेकिन गांव के इस स्कूल में पानी की सप्लाई ही नहीं होने के कारण स्कूल प्रबंधन सैंपल देने में भी असमर्थ नजर आ रहा है।
स्कूल के अध्यापक विक्रम ने बताया कि पिछले 10 दिनों से स्कूल की पानी की सप्लाई लाइन टूटी हुई है। उन्होंने कहा कि 10 दिन पहले ही इस समस्या की जानकारी सरपंच को दे दी गई थी, इसके बावजूद लाइन को जोड़ने की दिशा में अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।
स्कूल प्रशासन ने संबंधित विभाग और पंचायत से मांग की है कि पानी की सप्लाई लाइन को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए, ताकि स्कूल में सुचारू रूप से पीने का पानी उपलब्ध हो सके।
समस्या सिर्फ स्कूल के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। स्कूल परिसर में तीन आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होते हैं, जहां दोपहर का भोजन तैयार किया जाता है। पानी न होने से भोजन बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी कर्मियों को दूर-दराज से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। यही हाल स्कूल के मिड-डे मील का भी है। बर्तन धोने तक के लिए सिर पर पानी उठाकर लाना पड़ता है।
ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान करेगा, ताकि बच्चों और आंगनबाड़ी में आने वाले नौनिहालों को राहत मिल सके।
गांव के सरपंच रतन सिंह से बात हुई तो उन्होंने जल्द ही लाइन लीकेज को ठीक करने के लिए कहा और कहा कि जल्द से जल्द पानी की सप्लाई सुचारू रूप से कर दी जाएगी।

